गुमला (GUMLA) : जिला के एसपी एहतेशाम वकारीब की पहल से उनके कई दोस्त मित्र इन दिनों काफी दूर से आकर लोगों की मेडिकल जांच करते हुए नजर आ रहे हैं. इससे जिले के लोग लाभान्वित हो रहे हैं और इसकी लोगो ने काफी सराहना की है.
गुमला एसपी डॉ एहतेशाम वकारीब अपनी पुलिस की सेवा के साथ ही एक चिकित्सक होने के नाते आए दिन कई स्थानों पर लोगों की जांच करते हुए नजर आते हैं. लोगो को इसका लाभ भी मिल रहा है. लेकिन, इससे भी एक कदम आगे बढ़कर उन्होंने अपने उन चिकित्सक मित्रों को बुलाकर भी जिला में स्पेशल कैम्प लगवाया, जो उनके साथ पढ़ाई करते थे. पुलिस लाइन में आयोजित इस मेडिकल कैम्प में जिला के एसपी डॉ एहतेशाम वकारीब ने तो इलाज किया ही साथ ही अपने अन्य चार मित्रों को भी बुलाया. इसमें गैस्ट्रो सर्जन डॉ फिरोज खान, अमेरिका से आये न्यूरो सर्जन डॉ ताबिस खान, फिजिशियन डॉ उस्मान अली व डेंटल चिकित्सक डॉ फैजुल इस्लाम शामिल हैं. इन्होंने गुमला जैसे आदिवासी बहुल इलाके में लोगों की जांच कर दवा दी. इस दौरान एसपी एहतेशाम ने कहा कि लोगों की सेवा करके उन्हें काफी अच्छा लगता है. वहीं अमेरिका में सेवा कर रहे डॉ ताबिस खान ने कहा कि डॉक्टर की सर्विस ही सेवा है जिसके लिए उन्हें कोई परेशानी नही होती है. उन्हें भी इस तरह के इलाके में आकर काम करना अच्छा लगता है.
दूर-दराज के पुलिसवालों ने लिया कैम्प का लाभ
इस तरह के बड़े चिकित्सको के जिला में आकर इलाज की व्यवस्था पाकर लोगो मे काफी खुशी का माहौल देखने को मिल रहा है. इस कैम्प में काफी संख्या में दूरदराज से आकर पुलिस कर्मी और पदाधिकारियो ने ईलाज करवाया. इस दौरान कई महिला व बच्चे भी नजर आए. मेजर प्रणव कुमार की मानें तो जिला का सौभाग्य है कि कई स्पेशलिस्ट डॉक्टर जिला में पहुचकर लोगो का इलाज कर रहे हैं. साथ ही उन्होंने कहा कि पुलिस की सेवा में रहने वाले लोग अपनी कई शारीरिक बीमारी का इलाज नही करवा पाते थे, उन्हें इस कैम्प से लाभ मिला. वहीं सदर थाना प्रभारी बिनोद कुमार ने कहा कि एसपी की पहल से इस तरह का कैम्प निश्चित रूप से सराहनीय है साथ ही यह आगे भी होना चाहिए.
रिपोर्ट: सुशील कुमार सिंह, गुमला
Thenewspost - Jharkhand
4+

