भाजपा कार्यालय में होली मिलन समारोह में झांझरी लेकर कार्यकताओं के साथ खूब झूमे बाबूलाल, देखिए वीडियो

    भाजपा कार्यालय में होली मिलन समारोह में झांझरी लेकर कार्यकताओं के साथ खूब झूमे बाबूलाल, देखिए वीडियो

    गिरिडीह(GIRIDIH): होली के फगुआ का रंग अब पूरे उफान पर है. होली के आगमन में भले ही पांच दिनों का वक्त है, लेकिन त्योहार के पारंपरिक गीत बजने शुरू हो गए हैं. इसी पारंपरिक गीतों के बीच होली मिलन का आयोजन रविवार को गिरिडीह के हरिचक में भाजपा कार्यालय में किया गया. चार राज्यों में भाजपा को मिले प्रचंड बहुमत के बाद रविवार को गिरिडीह भाजपा कमिटी ने विजय उत्सव सह होली मिलन समारोह का आयोजन किया. जिसमें पार्टी विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने भी शिरकत की. जबकि जमुआ के विधायक केदार हाजरा के साथ पूर्व मंत्री चंद्रमोहन प्रसाद, पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी, जिला अध्यक्ष महादेव दुबे, जिला महामंत्री सुभाष चंद्र सिन्हा, संदीप डंगाईच के साथ जिला कोषाध्यक्ष मुकेश जालान, किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष दिलीप वर्मा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सुरेश साहू के साथ भाजपा नेता प्रदीप साहू, संजीत सिंह पप्पू और भाजपा नेत्री मीरा तिवारी, शालिनी वैशखियार, रागिनी लहरी समेत कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए. इस बीच होली सह विजय उत्सव की शुरुवात पार्टी के संस्थापक पंडित दीनदयाल, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और भूतपूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर किया गया. मौके पर जिला कमिटी के नेताओ ने बाबूलाल मरांडी को विजय उत्सव का माला मैथिली परंपरा का प्रतीक पाग पहनाकर सम्मानित किया.

    झांझरी बजाते हुए होली गीतों पर झूमे बाबूलाल मरांडी

    चार राज्यों में मिली जीत के साथ फगुआ के रंग का भी उत्साह और गुलाल की बौछार भाजपा के इस कार्यक्रम के दौरान खूब नजर आया. मौके पर कार्यकर्ताओ के साथ जब जमुआ के विधायक केदार हाजरा, पूर्व विधायक शाहाबादी समेत कई नेताओं ने गुलाल लगाना शुरू किया तो बाबूलाल भी कहां बैठने वाले थे. लिहाजा, बाबूलाल ने गुलाल लगाना शुरू कर दिया. इस दौरान कई नेताओं ने परंपरा के अनुसार बाबूलाल मरांडी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया. पार्टी कार्यालय में होली को लेकर स्थानीय कलाकारों द्वारा कार्यकर्ता को कई प्रचलित और पारंपरिक गीत के साथ खूब झुमाया भी गया. फिर भाजपा नेता मरांडी भी चुप नहीं बैठे और हाथ में झांझरी लेकर फगुआ के गीतों के बीच झूमना शुरू कर दिया. बाबूलाल को झूमते देख कई नेताओं ने भी उनके साथ नाचना शुरू कर दिया. कमोवेश, गुलाल उड़ते रहे और एक-एक नेता के साथ कार्यकर्ता भी जमकर झूमें.

    रिपोर्ट: दिनेश कुमार, गिरिडीह


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news