युवक की मौत के बाद बिफरे परिजन, कहा ससुराल वालों ने ही जहर खिला कर मार डाला

    युवक की मौत के बाद बिफरे परिजन, कहा ससुराल वालों ने ही जहर खिला कर मार डाला

    चतरा (CHATRA) :  चकला गांव निवासी दीपक यादव की मौत के बाद मृतक के परिजनों ने ससुराल वालों पर जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. वहीं, पुलिस मामले की अनुसंधान के बाद कुछ कहने की बात कह रही है. थाना प्रभारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना के कारणों से पर्दा उठ जाएगा. मामला जिले के हंटरगंज थाना क्षेत्र का है.

    क्या है मामला

    दीपक यादव चकला गांव निवासी कामेश्वर यादव का पुत्र था. दीपक की शादी हंटरगंज प्रखंड के बेला गांव निवासी नरेश यादव की पुत्री से 2 वर्ष पूर्व हुई थी. दो दिन पूर्व पति-पत्नी के बीच किसी बात पर विवाद हो गया. विवाद से आग-बबूला हुई पत्नी ने मायके से अपने भाई को बुला लिया. उसका भाई अपने साथ आठ-दस लोगों को लेकर चकला आ पहुंचा और अपनी बहन को साथ लेकर बेला चला गया. इधर, पत्नी के जाने के बाद गुस्साया दीपक ससुराल पहुंच गया और अपनी दुधमुही बेटी को साथ लेकर घर चला आया.  दीपक के परिजनों के मुताबिक ससुराल वालों ने फोन पर ही दामाद को उकसाते हुए उन्होंने कहा कि हिम्मत है तो घर आकर दिखाओ, तुम जिंदा नहीं जाओगे.

    उकसावे में आकर दीपक पहुंचा ससुराल

    ससुराल वालों के उकसावे में आकर दीपक ससुराल पहुंच गया, परिजनों के मुताबिक वहां ससुराल वालों ने दीपक को जहर खिला दिया. जैसे ही घटना की सूचना दीपक के परिजनों को हुई, उसे गंभीर अवस्था में उपचार के लिए हंटरगंज स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया. यहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए गया मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया. मगर, गया पहुंचने से पूर्व ही दीपक ने दम तोड़ दिया. घटना की जानकारी मिलते ही हंटरगंज थाना प्रभारी सचिन दास मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया.  घटना के बाद जहां मृतक के परिजनों ने ससुराल वालों पर जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. वहीं, पुलिस मामले की अनुसंधान के बाद कुछ कहने की बात कह रही है. थाना प्रभारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना के कारणों से पर्दा उठ जाएगा.

    रिपोर्ट : संतोष कुमार, चतरा


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news