महिला दिवस: पीएम ने मुझे राज्यपाल बनाकर महिला को महत्व दिया- द्रौपदी मूर्मू

    महिला दिवस: पीएम ने मुझे राज्यपाल बनाकर महिला को महत्व दिया- द्रौपदी मूर्मू

    जमशेदपुर(JAMSHEDPUR)- नम्या स्माइल फ़ाउंडेशन और #बाबा_बैद्यनाथ_सेवा_संघ की संयुक्त पहल पर अंतराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर आज आदिवासी जनकल्याण हाई स्कूल, उलीडीह में #मेगा_हेल्थ_चेकअप_कैंप आयोजित हुआ. इसमें कुल 650 महिलाओं की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच हुई. बतौर मुख्य अतिथि पहुंची पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मूर्मू ने शिविर का उद्घाटन किया. पद्मश्री छुटनी महतो विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं. कार्यक्रम का संचालन बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ के संरक्षक विकास सिंह के द्वारा किया गया.

    जान है तो जहान है-द्रौपदी मुर्मू

    मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व राज्यपाल द्रौपदी मूर्मू ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें, जान है तो जहान है. उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य को लेकर अभी भी जागरूकता की कमी है. नाम्या स्माईल  फ़ाउंडेशन व बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ के द्वारा ज़रूरतमंद लोगों के लिए चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया  है जो एक अच्छी शुरुआत है. उन्होंने महिलाओं को अपने अधिकारों के लिए सजग होने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि महिलाएं अगर मजबूत होंगी तो राष्ट्र  मजबूत होगा. लड़के और लड़की में किसी प्रकार का अंतर नहीं है. आसमान में जाने की बात हो या ट्रेन चलाने की बात हो महिलाएं कभी पीछे नहीं हटती. द्रौपदी मूर्मू ने कहा कि  देश के प्रधानमंत्री ने उनके जैसी आदिवासी महिला को राज्यपाल बनाकर महिला के महत्व को बताने का काम किया है.

    नम्या स्माईल फाउंडेशन के संस्थापक कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि जरूरतमंदों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा से जोड़ना ही उनका उद्देश्य है और आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सिर्फ़ महिलाओं के लिए आयोजित स्वास्थ्य शिविर के प्रति लोगों का उत्साह है यह बताता है कि महिलाए अपने अधिकार को लेकर कितनी जागरूक हैं. इस पुरुष प्रधान समाज में महिलाओं को लेकर जो मानसिकता है उसमें बदलाव की ज़रूरत है तभी सही मामले में महिला सशक्तिकरण हो पाएगा. 

    बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ के संरक्षक विकास सिंह ने कहा कि महिला से ही घर बनता है और घर से समाज बनता है और समाज से देश बनता है. मुख्य अतिथि के हाथों शहर की प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ संगीता सिंघल, डॉ विजय भगत, डॉ मृत्युंजय सिंह व डॉ संजय गिरी, डॉ अभिषेक का सम्मान किया गया. विशिष्ट अतिथि के द्वारा डॉ नंदा, डॉ राखी, डॉ भोगान हेंब्रम का सम्मान किया गया. कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं को वयस्क शिक्षा से जोड़ने के लिए नम्या समाईल फ़ाउंडेशन की सहायक संस्था मायरा के द्वारा स्टॉल लगाया गया था जिसमें सैकड़ों महिलाओं ने अपना पंजीकरण कराया.

    महिलाओं की हुई निःशुल्क जांच

    सुबह 10:00 बजे से शुरू हुए महिला रोगियों की भीड़ उमड़ी. इस कैंप में प्रसूति एवं स्त्री रोग ,बाल रोग,त्वचाविज्ञान, हड्डी रोग, दंत रोग, नेत्र जांच, हृदय रोग सहित ब्लड प्रेशर, सुगर, हेमोग्लोबिन इत्यादि की निःशुल्क जांच की गई एवं आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया. शिविर में राज्य के चिकित्सा क्षेत्र के कई बड़े नाम शामिल हुए  जिनका लाभ ज़रूरतमंदों को मिला.

    रिपोर्ट:अन्नी अमृता, ब्यूरो हेड, जमशेदपुर


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news