आक्रोशित आजसू कार्यकर्ताओं ने किया एनएच 98 जाम, 104 कार्यकर्ता गिरफ्तार


पलामू (PALAMU) - स्थानीय नियोजन नीति में बदलाव सहित अन्य मांगों को लेकर विधानसभा घेराव किए जाने से पुलिस द्वारा रोके जाने पर आक्रोशित आजसू पार्टी कार्यकर्ताओं ने एनएच 98 मेदिनीनगर-औरंगाबाद मुख्य पथ को जाम कर दिया. हालांकि पुलिस के हस्तक्षेप से जाम को कुछ देर के बाद हटा लिया गया. इस दौरान 104 पार्टी कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया. लेकिन बाद में उन्हें मुक्त किया गया.
सरकार के खिलाफ जमकर की नारेबाजी
पुलिस द्वारा रोके जाने के खिलाफ केंद्रीय उपाध्यक्ष सह पलामू प्रभारी पूर्व विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को थाना के समीप एनएच 98 रोड जाम कर धरना पर बैठ गए. साथ ही हेमंत सरकार मुर्दाबाद, दमनकारी नीति बंद करो, ओबीसी आरक्षण लागू करो आदि जमकर नारेबाजी की. कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि यह सरकार सत्ता के मद में जनता की आवाज को दबा रही है. इसकी दमनकारी नीतियों से आम जनता त्रस्त है. उन्होंने कहा कि ओबीसी की बड़ी आबादी को नजरअंदाज कर रही है. वहीं नियोजन नीति में बदलाव कर लोगों के अधिकार को वंचित कर रही है. उन्होंने कहा कि अगर दूसरे राज्य से ब्याह कर कोई लड़की झारखंड आती है तो क्या उसे नियोजन में अधिकार नहीं मिलना चाहिए. इसका विरोध करने पर सत्ता का दुरुपयोग कर जनता की आवाज को दबाना चाह रही है. एनएच 98 जाम रहने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गयी. सड़क जाम में जिला अध्यक्ष दिलीप चौधरी, उपाध्यक्ष विशाल वर्मा उर्फ सोनू, सचिव जितेंद्र विश्वकर्मा, उपाध्यक्ष रामजी पासवान, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम गौरव, इरशाद आलम, अजीत कुमार सिंह, बीडी सिंह, अजित मेहता, बलदेव भुइयां सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता व लोग शामिल थे.
रिपोर्ट: कृष्णा प्रसाद, हरिहरगंज/ पलामू
4+