रांची (RANCHI) : देवघर बाबा मंदिर में कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद के साथ हुए अभद्रता मामला तूल पकड़ने लगा है, विधायक ने खुद इस मामले को सदन में उठाया और सदन के बाहर मीडिया से बात करते हुए देवघर प्रशासन और मंदिर प्रबंधन पर आरोप लगाया, वहीं मंत्री बन्ना गुप्ता ने भी विधायक के साथ हुए अभद्रता को गलत ठहराया, साथ ही यह भी कहा कि धार्मिक स्थलों पर वीआईपी कल्चर नहीं होना चाहिए, वहां सभी बराबर हैं.
VIP कल्चर उचित नहीं है : बन्ना गुप्ता
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि मुझे इस बात का दुख है कि उनके साथ ऐसा व्यवहार हुआ. सभी को जनप्रतिनिधि का सम्मान करना चाहिए. अम्बा प्रसाद एक जनप्रतिनिधि के साथ-साथ एक महिला भी हैं. ऐसे में उनके साथ बुरा व्यवहार करने वालों को भगवान महादेव सद्धबुद्धि दें. उन्होंने आगे कहा कि धार्मिक जगहों पर ऐसे टकराव ठीक नहीं हैं. मैं इसे अच्छा नहीं मानता हूं. जहां तक पूजा-पाठ में वीआईपी कल्चर भी मेरे हिसाब से उचित नहीं है. मगर, मैं कहना चाहूंगा कि कई अधिकारी भी वहां जाते हैं. उनसे ऐसा व्यवहार नहीं किया जाता है. इसलिए अम्बा प्रसाद के साथ भी अच्छा व्यवहार होना चाहिए था.
अभद्र व्यवहार पर बिफड़ पड़ी अम्बा प्रसाद
इससे पहले झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन बुधवार को विधायक अंबा प्रसाद अपने साथ हुए अभद्र व्यवहार पर बिफड़ पड़ी. जहां मंदिर में अव्यवस्था पर नाराजगी जाहिर की, वहीं आरोप लगाया कि महाशिवरात्रि के दिन देवघर के बाबा मंदिर में पूजा करने पहुंचने पर मंदिर परिसर में उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया. अंबा प्रसाद ने कहा कि मंदिर में जब उन्होंने अव्यवस्था देखी तो प्रबंधन के लोगों को बुलाकर बात की. बकौल अंबा प्रसाद, प्रबंधन के लोगों ने उनके साथ अभद्रता की. अंबा प्रसाद ने कहा कि यह विधानसभा का अपमान है. कहा कि मेरे समर्थकों के साथ भी गलत व्यवहार किया गया.
रिपोर्ट : रंजना कुमारी, रांची
Thenewspost - Jharkhand
4+

