अमन सिंह गैंग के पांच अपराधी गिरफ्तार , एसएसपी की व्यवसायियों से अपील - पुलिस पर करें भरोसा

    अमन सिंह गैंग के पांच अपराधी गिरफ्तार , एसएसपी की व्यवसायियों से अपील - पुलिस पर करें भरोसा

    धनबाद (DHANBAD) - धनबाद जिला पुलिस एक बड़ी उपलब्धि का दावा कर रही है. एसएसपी संजीव कुमार ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि कुख्यात अमन सिंह गिरोह के 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. वहीं उनके पास से एक देसी कट्टा, चार जिंदा कारतूस, 5 मोबाइल और चार मोटरसाइकिल बरामद किया गया है. जिन लोगों की गिरफ्तारी हुई है, उनमें आशीष गुप्ता (कतरास), अजय कुमार सिंह (कतरास), राहुल गुप्ता उर्फ गप्पू ( कतरास), नवल शर्मा उर्फ नीलेश शर्मा (धनबाद), मुकेश राय (कतरास) शामिल हैं.

    जेल में बंद कुख्यात अमन सिंह गैंग के 15 पर था मुक़दमा, अब तक 13 हुए गिरफ्तार...

    प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एसएसपी संजीव कुमार ने बताया कि अमन सिंह गिरोह के 15 लोगों पर मुकदमा धनबाद के विभिन्न थानों में दर्ज हुआ था. इनमें वह सब शामिल है जो मोबाइल इंटरनेट (व्हाट्सएप) या किसी अन्य माध्यम से कारोबारियों से रंगदारी की मांग की हैं. अमन गैंग के 8 अपराधी पहले से जेल में हैं, पांच अभी पकड़े गए हैं और दो फरार चल रहे हैं. इन्हें भी जल्द पकड़ लिया जाएगा. गिरफ्तार  सभी अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फ़िराक थे. इसमें एक अपराधी बिहार से और दूसरा मुकेश राय को यूपी से ख़ासतौर से बुलाया गया था. एसएसपी संजीव कुमार ने धनबाद के लोगों और व्यवसायियों से अपील की है कि रंगदारी की किसी भी घटना की सूचना उन्हें तत्काल दें. थाना में केस दर्ज कराएं, पुलिस पर भरोसा करें. पुलिस तुरंत कार्रवाई करेगी. एसएसपी ने बताया कि ग्रामीण एसपी रेशमा रमेशन को गुप्त सूचना मिली कि अमन सिंह गैंग के लोग अपराध की योजना बना रहे हैं. उसके बाद एक टीम का गठन किया गया. जिसमें सहायक पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारि, बाघमारा एसडीपीओ निशा मुर्मू, कतरास थाना प्रभारी रणधीर कुमार सिंह, बैंक मोड़ थाना प्रभारी डॉ प्रमोद कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे.

    अपराधियों का यूपी से कनेक्शन

     छापामारी के क्रम में धनबाद पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली. इन सभी में कई लोग धनबाद में रहते हैं. लेकिन इनका कनेक्शन उत्तर प्रदेश से जुड़ा हुआ है. बता दें कि धनबाद का चर्चित पूर्व डिप्टी मेयर नीरज सिंह समेत चार लोगों की हत्या मामले में अभी कुख्यात अपराधी अमन सिंह धनबाद जेल में बंद है. जब से ये झारखंड पहुंचा तब से अमन सिंह गैंग धनबाद पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ है. लगातार कारोबारियों -ठेकेदारों को रंगदारी के लिए धमकी देता है. अमन सिंह का खौफ इतना है कि बहुत लोग तो पुलिस से शिकायत भी नहीं करते हैं. रंगदारी के लिए अमन सिंह गैंग बमबाजी की घटनाओं को भी अंजाम देता रहा है. लेकिन धनबाद पुलिस ने भी अब तक इसके 19 गुर्गों को गिरफ़्तार कर जेल भेजा है. इसकी हर गतिविधि पर पुलिस की पैनी नज़र है. पुलिस की कॉल रिकॉर्ड से बचने के लिए अपराधी अननोन प्राइवेट नंबर ,इंटरनेशनल नंबर और नेट वाट्स एप्प कॉल का इस्तेमाल कर रहें हैं. धनबाद पुलिस मुम्बई पुलिस की तर्ज पर शातिर अपराधियों को पकड़ने के लिए अपने क्राइम एक्सपर्ट व तकनीकी टीम को मज़बूत करने में जुटी है.

    रिपोर्ट : अभिषेक कुमार सिंह ,ब्यूरो हेड ,धनबाद


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news