उपायुक्त की अपील, गणतंत्र दिवस समारोह में छोटे बच्चों को नहीं करें शरीक


पलामू (PALAMU) : प्रमंडलीय मुख्यालय मेदिनीनगर के पुलिस लाइन स्टेडियम में 26 जनवरी को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह को लेकर सोमवार को परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास किया गया. पूर्वाभ्यास में उपायुक्त शशि रंजन और पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने परेड पूर्वाभ्यास का निरीक्षण किया तथा तैयारियों की समीक्षा की. साथ ही पूर्वाभ्यास परेड की सलामी ली. परेड में शामिल विभिन्न टुकड़ियों आकर्षक एवं भव्य परेड का स्वरूप प्रदर्शित किया.
उपायुक्त शशि रंजन ने कहा कि गणतंत्र दिवस को लेकर परेड पूर्वाभ्यास किया गया. कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए मुख्य समारोह एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे. उन्होंने समारोह में भाग लेने आने वाले लोगों से अपील की है कि मास्क लगाकर आयें और छोटे बच्चों को समारोह में नहीं लाएं. सभी लोग कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए गणतंत्र दिवस मनाएं. पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने परेड में भाग ले रहे प्लाटुन का हौसला बढ़ाया. उन्होंने सभी टुकड़ियों को पूरे स्वाभिमान व गर्व के साथ परेड में भाग लेने की सीख दी. गणतंत्र दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम का ऑनलाइन प्रसारण डीसी पलामू के फेसबुक पेज के माध्यम से भी किया जायेगा.
4+