आखिर कहां गई ऑटो पर बैठी वह युवती ! पुलिस से पूछ रही झरिया

    आखिर कहां गई ऑटो पर बैठी वह युवती !  पुलिस से पूछ रही झरिया

    धनबाद (DHANBAD) : एक तरफ धनबाद के एसएसपी संजीव कुमार फ्रेंडली  पुलिसिंग के लिए जी तोड़ मिहनत कर रहे हैं ,वही उनके मातहत इसपर पानी फेरने का कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं.  मामला गुरुवार की रात झरिया, कतरास मोड़ पेट्रोल पंप के समीप का है. 

    दरअसल एक अर्ध विक्षिप्त युवती सड़क पर भटक रही थी.  कभी वह  तेज़ गति से गुजर रहे ट्रकों के करीब चली जाती, कभी सड़क पर दौड़ने लगती. इसी बीच कुछ मनचले युवक युवती के पीछे गलत मंशा से लग गए.  माजरा देख किसी ने झरिया पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना पाकर झरिया थाने के एसआई  एक पुलिस कर्मी के साथ बाइक पर सवार होकर  कतरास मोड़ पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे.  युवती को सड़क पर देख अपने संरक्षण में ले लिया और दूरभाष पर वरीय पदाधिकारियो को सूचना दी. थोड़ी देर बाद एक ऑटो को रुकवा कर अर्धविक्षिप्त युवती को उसमें बैठा दिया. चालक को बस्ताकोला स्थित किसी दिव्यांग संस्थान में छोड़ने का निर्देश देकर अपनी जिम्मेवारी पूरी  कर ली.

    अब सवाल उठता है कि क्या यही थी पुलिस की जिम्मेवारी. युवती  दिव्यांग संस्थान पहुंची  है या नहीं, इसको लेकर चर्चा का बाजार गर्म है. इस संबंध में झरिया इंस्पेक्टर पंकज कुमार झा कहते हैं कि दरोगा ने  मामले की सूचना किसी को नहीं दी है. जानकारी प्राप्त करता हूं. उधर बस्ताकोला जीवन संस्थान के प्राचार्य डॉ ए के सिंह से पूछे जाने पर उन्होंने रात में ऐसी किसी भी युवती के संस्थान में आने से इंकार किया है. 

    रिपोर्ट : अभिषेक कुमार सिंह ,ब्यूरो हेड,धनबाद 


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news