धनबाद में कोरोना का खौफ : 311 ऑक्सिजन सपोर्टेड बेड तैयार , 97 होम आइसोलेशन में...

    धनबाद में कोरोना का खौफ : 311 ऑक्सिजन सपोर्टेड बेड तैयार , 97 होम आइसोलेशन में...

    धनबाद (DHANBAD) : धनबाद में कोरोना चारो ओर तेज़ी से फैल रहा है. अब तक डीसी कार्यालय ,डीआरएम कार्यालय और सीएस कार्यालय समेत कई अधिकारी व कर्मचारी को अपनी चपेट में ले चुका है.  हालांकि अच्छी बात यह  है कि कोरोना के ठीक होने की दर भी बेहतर है. समान्यतः  तीन से सात दिन के भीतर संक्रमित स्वस्थ्य हो जा रहें हैं.  वैसे धनबाद जिले में तीन डेडीकेटेड कोविड अस्पताल  तथा छः कोविड हेल्थ सेंटर  संक्रमितों को बेहतर चिकित्सा  के लिए तैयार हैं.  वर्तमान में इन 9 अस्पतालों में 880 बेड और स्टैंड बाई पर 311 ऑक्सिजन सपोर्टेड बेड, 104 आईसीयू बेड, 45 वेंटीलेटर उपलब्ध हैं. धनबाद उपायुक्त संदीप सिंह के ऑनलाईन प्रेसवार्ता के अनुसार संक्रमण से सुरक्षित रहने के लिए लोगों को मास्क लगाने, कोविड गाइडलाइंस का पालन करने, अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने, कोरोना के लक्षण होने पर टेस्ट कराने, संक्रमित होने पर घर में रहने और चिकित्सकों के मार्गदर्शन का पालन करने की अपील की है.

    97 लोग हैं होम आइसोलेशन में

    उपायुक्त ने  बताया कि 50 वर्ष तक के हल्के लक्षण वाले मरीजों को होम आइसोलेशन की सुविधा दी जा रही है. अब तक 97 लोग होम आइसोलेशन में हैं. इससे अधिक उम्र वाले लोगों को भी यह सुविधा प्रदान की जाएगी परंतु इसके लिए उनके चिकित्सक को संतुष्ट होना चाहिए, घर में होम आइसोलेशन प्रोटोकॉल के अनुसार सुविधा होनी चाहिए, वैक्सीन के दोनों डोज लिए होने चाहिए, होम आइसोलेशन में रहने वाले मरीजों को होम आइसोलेशन की सभी शर्तों का पालन करना अनिवार्य है.  दिन में तीन बार वीडियो कॉल करके उनके स्वास्थ्य के संबंध में चिकित्सक जानकारी लेंगे. टेलीमेडिसिन की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही है.

    14.4 लाख को  वैक्सीन का पहला  तथा 8.8 लाख को सेकंड डोज

    संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए  कैंप लगाकर अधिक से अधिक लोगों को वैक्सीन दी जा रही है.  अब तक जिले में 23.20 लाख को वैक्सीन दी गई है, जिसमें 14.4 लाख को वैक्सीन का प्रथम डोज तथा 8.8 लाख लोगों को सेकंड डोज दिया  गया है.  अधिक से अधिक लोगों को वैक्सीन का लाभ पहुंचाने के लिए बीसीसीएल के क्षेत्रीय अस्पताल, ईसीएल, टाटा जामाडोबा, डीवीसी अस्पताल में भी वैक्सीनेशन कैंप लगाया जा रहा है.  3 जनवरी से 15 से 18 वर्ष के युवाओं के लिए जिले के हर प्रखंड में वैक्सीनेशन कैंप चल रहा है, अब तक 4544 युवाओं को वैक्सीन दिया गया है.

    बढ़ाया गया टेस्टिंग का दायरा

    संक्रमित मरीज की पहचान कर दूसरे लोगों को संक्रमण से बचाने के लिए कोरोना टेस्टिंग का दायरा बढ़ाया गया है.  इसके लिए जिले के सभी सरकारी एवं निजी चिकित्सा संस्थान के ओपीडी में आने वाले मरीजों का अनिवार्य रूप से कोविड जांच की जा रही है.  वहीं धनबाद रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड तथा पश्चिम बंगाल से लगी सीमा क्षेत्रों से जिले में आने वाले लोगों का लगातार टेस्ट किया जा रहा है. इधर धनबाद के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अधीक्षक डॉ अरुण बरनवाल ने द न्यूज़ पोस्ट को बताया कि लोगों को पैनिक होने की ज़रूरत नहीं है. अस्पताल प्रबंधन ने कोरोना से बचाव के लिए सभी तैयारी पूरी कर ली है. हमारे मेडिकल अस्पताल में ऑक्सिजन सप्लाई पर्याप्त है. 

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news