भाजपा सांसद पर सांसद फंड की राशि दुरूपयोग करने का आरोप, जन चौपाल की जगह बना दिया हरि मंदिर, आरटीआई से हुआ खुलासा

    भाजपा सांसद पर सांसद फंड की राशि दुरूपयोग करने का आरोप, जन चौपाल की जगह बना दिया हरि मंदिर, आरटीआई से हुआ खुलासा

    जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): सांसद विद्युतवरण महतो पर सरकारी राशि का दुरूपयोग करते हुए ग्राम चौपाल की जगह करोड़ों के 88 हरि मंदिरों के निर्माण का आरोप लगा है. सूचना के अधिकार के तहत ये खुलासा हुआ है. आरटीआई कार्यकर्ता दिनेश महतो ने सूचना के अधिकार के तहत मिली जानकारी के अनुसार आरोप लगाया है कि जमशेदपुर के सांसद विद्युतवरण महतो ने सरकारी राशि का दुरुपयोग करते हुए अपने संसदीय क्षेत्र में ग्राम चौपाल की जगह 88 हरि मंदिरों का निर्माण करवाया है. जबकि सूचना के ही अधिकार के तहत दिनेश महतो को जानकारी दी गई है कि सांसद फंड से हरि मंदिर बनवाने का कोई प्रावधान नहीं है. इस आरटीआई से प्राप्त जानकारी के आधार पर दिनेश महतो ने लोकायुक्त को पत्र लिखकर उचित कार्रवाई की मांग की है.

    सांसद प्रतिनिधि ने आरोप को बताया गलत

    दिनेश महतो ने बताया कि सूचना के अधिकार के तहत मिली सूचना के अनुसार वित्तीय वर्ष 2016-17 और 2020-21 के बीच सांसद विद्युतवरण महतो की सांसद निधि के तहत तीन करोड 28 लाख की लागत से संसदीय क्षेत्र में 88 हरि मंदिरों का निर्माण किया गया है. मिली जानकारी के अनुसार, 88 योजनाएं ग्राम चौपाल के लिए स्वीकृत की गईं थीं. लेकिन, दिनेश महतो का दावा है कि गलत तरीके से वहां हरि मंदिर बनवा दिए गए. सांसद निधि के तहत इन योजनाओं का काम NREP और ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल द्वारा किया गया है. इस मामले पर सांसद से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उनका फोन नहीं लगा. वहीं सांसद प्रतिनिधि संजीव कुमार ने इस आरोप को गलत बताया है. उन्होंने कहा है कि अगर कोई गड़बड़ी हुई है तो निर्माण एजेंसी जिम्मेवार है.

    रिपोर्ट: अन्नी अमृता, ब्यूरो हेड(जमशेदपुर)  


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news