बनने के साथ ही टूटने लगी थी सड़क, स्थानीय लोगों ने फिर यह किया


गुमला (GUMLA) - गुमला शहर के डीएसपी रोड में होने वाले जलजमाव को देखते हुए नगर परिषद के द्वारा करोड़ों की लागत से सड़क निर्माण कार्य किया जा रहा है. लेकिन कॉन्ट्रैक्टर की लापरवाही के कारण सड़क का निर्माण काफी घटिया तरीके से हो रहा है. इसको लेकर लोगों ने सवाल खड़े किए हैं. सड़क बनने के बाद से ही टूटना शुरू हो गई है. लोगों ने कहा कि घटिया सामग्री का उपयोग किए जाने के कारण सड़क की स्थिति काफी बदतर बनी हुई है.
लापरवाही नहीं की जाएगी बर्दाश्त
बता दें कि स्थानीय लोगों द्वारा इस सड़क को सही रूप से निर्माण करवाने की लगातार मांग की जा रही थी. लेकिन कॉन्ट्रैक्टर द्वारा किसी प्रकार की गंभीरता नहीं दिखाई जाने के कारण लोगों ने इसकी शिकायत नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी रवि आनंद से की. इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने खुद सड़क की जांच की है और उन्होंने स्पष्ट कहा है कि सड़क निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने संवेदक को बुलाकर खुले तौर पर निर्देश दिया है कि जिस तरफ से सड़क का निर्माण किया जा रहा है उसमें सुधार किया जाना चाहिए. अन्यथा आगे चलकर ना केवल राशि भुगतान बाधित होगी बल्कि उनके खिलाफ सख्ती से कार्रवाई भी की जाएगी. बता दें कि डीएसपी रोड जिला मुख्यालय के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जाती है क्योंकि मुख्य सड़क में जाम होने के बाद लोग इसे विकल्प सड़क के रूप में उपयोग करते हैं, इसलिए इसका विशेष महत्व है. बारिश के दिनों में जल्द जमा होने के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था उसी को देखते हुए सड़क निर्माण करवाया जा रहा है.
रिपोर्ट : सुशील कुमार सिंह, गुमला
4+