कस्तूरबा संगम : किसी में दिखी साइंटिस्ट बनने की संभावना, किसी की कला ने किया दंग


सरायकेला (SARAIKELA) : सरायकेला जिला के बिरसा मुंडा स्टेडियम में जिला स्तरीय कस्तूरबा संगम 2021 कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन दीप प्रज्जवलन कर तथा गुब्बारे उड़ाकर किया गया. इसमें मुख्य अतिथि के रुप में खरसावां विधायक दशरथ गगराई, ईचागढ़ विधायक सविता महतो, डीडीसी प्रवीण गगराई समेत कई गणमान्य लोगों ने शिरकत की.
कार्यक्रम के दौरान कस्तूरबा की बच्चियों ने अपनी प्रतिभा का अद्भुत रंग दिखाया. इसे देख सभी लोग दांतों तले अंगुलियां दबा कर दंग ही रह गए. किसी ने लोक कला और नृत्य की अद्भुत प्रस्तुति कर सबका मन मोहा, तो किसी ने कोरोना जागरूकता के प्रति अलख जगाते हुए डॉक्टर और समाज की भूमिका का प्रेरक प्रसंग पेश किया. इसके साथ ही किसी ने महिला सशक्तिकरण की ताकत का एहसास कराते हुए कराटे में अपना दमखम दिखाते हुए लोगों की खूब वाहवाही बटोरी.
बच्चियों की प्रतिभा है अद्भुत
इस कार्यक्रम में कस्तूरबा की बच्चियों के वैज्ञानिक सोच को मॉडल के रूप में प्रदर्शित करने के लिए कई स्टॉल भी लगाए गए थे. इसका गणमान्य अतिथियों ने मुआयना किया तथा बच्चियों से काफी देर बातचीत कर उनके वैज्ञानिक सोच को जाना. बच्चियों की प्रतिभा से अभिभूत खरसावां विधायक दशरथ गगराई ने कहा कि हमारे जिले के कस्तूरबा की बच्चियों की प्रतिभा अद्भुत है और उनका इन स्कूलों में सर्वांगीण विकास भी हो रहा है. उन्होंने कहा कि वह खरसावां कस्तूरबा विद्यालय में अपनी विधायक निधि से पुस्तकालय देंगे. वहीं ईचागढ़ विधायक सविता महतो ने कहा कि यहां से निकली हुई बच्चियों के आगे की पढ़ाई के लिए कोई निश्चित व्यवस्था नहीं है. ऐसे में वे मुख्यमंत्री से खुद मुलाकात कर इस दिशा में प्रयास करने का आग्रह करेंगे, ताकि इन बच्चियों का 12वीं के बाद भी बेहतर शिक्षा और सर्वांगीण विकास का प्रयास हो सके. कार्यक्रम के दूसरे चरण में कस्तूरबा की बच्चियों के बीच कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया तथा इनके विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया.
रिपोर्ट: विकास कुमार, सरायकेला
4+