गिरिडीह में कारोबारी के घर भीषण डकैती, एक कार समेत 25 लाख लूटकर फरार हुए अपराधी

    गिरिडीह में कारोबारी के घर भीषण डकैती, एक कार समेत 25 लाख लूटकर फरार हुए अपराधी

    गिरिडीह (GIRIDIH) : शहर में कांग्रेस दफ्तर के बगल में हथियार से लैस अपराधियों ने एक घर में जमकर तांडव मचाया और घर से एक इंपोर्टेड कार समेत 25 लाख से अधिक की डकैती कर ले उड़े. इस दौरान अपराधियों ने घर के मालिक उत्तम गुप्ता, उसके बेटे प्रियांशु गुप्ता और पत्नी दीपा गुप्ता को लोहे के रॉड से भी पीटा.

    इस घटना से 16 वर्षीय प्रियांशु का माथा फट गया, जबकि दीपा को भी चोट लगी है. घटना बुधवार की देर रात और गुरुवार की अहले सुबह बीच की है. बुधवार रात करीब एक बजे सभी अपराधी रात के अंधेरे में घर की छत से घुसे और दो घंटे तक लूट-पाट करने के बाद करीब गुरुवार सुबह तीन बजे अपराधी घर से बाहर निकले. अपराधियों की संख्या आठ के करीब बताई जा रही है. सभी के हाथ में देसी पिस्तौल और लोहे का रॉड था और सभी ने अपना चेहरा मास्क से छिपाया हुआ था. पीड़ित उत्तम शहर के चोंदौरी रोड में जहा होटल की दुकान चलाते है. वे अपने घर में फर्नीचर का भी कारोबार करते हैं. हैरानी की बात तो ये है की घटनास्थल के समीप सीआरपीएफ का कैंप नजदीक है. घटना के बाद नगर थाना पुलिस भी घटनास्थल पहुंची और मुफ्फसिल इलाके के एक मुहल्ले में शक के आधार पर अपराधियों को दबोचने के लिए छापामारी भी की.

    इधर घटना के बाद इलाके में दहशत है तो घटना के बाद काफी संख्या में लोगों की भीड़ कारोबारी के घर जुट चुकी है. जानकारी के अनुसार सारे अपराधी कारोबारी उत्तम गुप्ता के बगल कांग्रेस दफ्तर के निर्माणधीन भवन से कारोबारी के घर घुसे. इस दौरान अपराधियों ने सबों को जान से मारने की धमकी देते हुए घर के दो कमरों को खंगालना शुरू कर दिया और दोनों कमरे में रखे लाखो नगद रुपए समेत सोने और चांदी के जेवर लूटने में सफल रहे. इतना ही नहीं अपराधियों ने कारोबारी की मां देवकी की  सोने की चेन और पत्नी दीपा  चेन के साथ कान की बाली तक लूट कर ले गए. इसके अलावा कारोबारी द्वारा रात को होटल की कमाई के पैसे को भी अपराधियों ने लूट लिया. भागते हुए सभी लुटेरे घर के बाहर रखी कार को भी लेकर फरार हो गए.

    रिपोर्ट: दिनेश कुमार, गिरिडीह


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news