सहारा इंडिया के खाताधारियों को पैसा वापस दिला पाने में विफल होने पर एजेंट ने की आत्महत्या


बोकारो (BOKARO) - सहारा इंडिया में लोगों के खून पसीने की कमाई जमा कराने के बाद उन्हें वापस नहीं दिला पाने का दबाव अब एजेंट नहीं झेल पा रहे हैं. यहीं कारण है कि आए दिन सहारा इंडिया कार्यालय में हंगामा हो रहा है.
डिप्रेशन का शिकार
इस दबाव के कारण बोकारो जिले के आईईएल थानाक्षेत्र निवासी सह सहारा इंडिया के एजेंट गणेश नोनिया ने फंदे से झूल कर अपनी जान दे दी. घटना आईईएल थाना क्षेत्र के गवर्नमेंट कॉलोनी की है. मृतक गणेश नोनिया पिछले कई वर्षों से सहारा इंडिया में एजेंट का काम करता था. जानकारी के अनुसार वर्तमान समय में लोगों की जमा पूंजी को वापस दिलाने में नाकाम होने के बाद वह काफी डिप्रेशन में रह रहा था. बीती रात वह घर से बाहर निकला और अपने तबेले में रस्सी के सहारे झूल कर आत्महत्या कर ली. इस घटना की जानकारी अहले सुबह तब लगी जब मृतक की पत्नी राधा देवी उसे खोजने के लिए बाहर निकली. इस घटना के बाद परिवार वालों का रो रो कर बुरा हाल है. लोगों ने स्थानीय आई ई एल थाना को इसकी सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
लोगों की जमापूंजी समय पर नहीं लौटाने से था परेशान
इस संबंध में पंचायत के निवर्तमान उपमुखिया सिकंदर कुमार सिंह ने कहा कि मृतक सहारा इंडिया में एजेंट के रूप में काम करता था. लोगों की जमापूंजी को तय समय में वापस नहीं दिला पाने के कारण मानसिक तनाव में रहता था, और इसी मानसिक तनाव के कारण उसने आत्महत्या कर ली. वहीं आईईएल थाना प्रभारी आशीष कुमार ने बताया कि मृतक के पड़ोसियों के अनुसार वह सहारा इंडिया में एजेंट था. कई दिनों से मानसिक तनाव में गुजर रहा था. मानसिक तनाव में आकर ही उसने आत्महत्या कर ली है, और इसका कारण लोगो की जमापूंजी सहारा इंडिया से तय समय पर नही दिला पाना बताया जा रहा है.
रिपोर्ट : संजय कुमार, गोमिया/बोकारो
4+