कुम्हार के घर पहुंचे पूर्व सीएम रघुवर दास, चाक चलाकर खुद बनाया दीया और कुल्हड़

    कुम्हार के घर पहुंचे पूर्व सीएम रघुवर दास, चाक चलाकर खुद बनाया दीया और कुल्हड़

    जमशेदपुर(JAMSHEDPUR)-राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने सोमवार को सीतारामडेरा क्षेत्र के कुम्हारपारा का दौरा किया. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान 'वोकल फ़ॉर लोकल' को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक कुम्हार के घर पहुंचे और उनकी कुशलता जानी. मौके पर पूर्व सीएम रघुवर दास ने खुद से इलेक्ट्रॉनिक चाक चलाकर दीया और कुल्हड़ बनाया. साथ ही उन्होंने कुम्हार से एक हजार मिट्टी के दीये खरीदे और एक हजार दीये और बनाने का आर्डर भी दिया. ऐसे में कुम्हार की खुशी देखते ही बन रही थी. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार में माटी कला बोर्ड की स्थापना कर प्रदेश के कुम्हारों को उपयोगी मिट्टी, विद्युत चलित चाक सहित विभिन्न सुविधाएं मुहैया कराई गयी थी, ताकि वे अपने परंपरागत उद्योग को अपनी आजीविका का बेहतर साधन बना सकें.

    'वोकल फ़ॉर लोकल' का दिया संदेश, दीपावली पर स्वदेशी उत्पाद के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील

    उन्होंने कहा कि माटी कला बोर्ड के माध्यम से राज्यों के मेहनती कुम्हारों की कार्यकुशलता को बढ़ाने के लिए विद्युत चलित यंत्र निशुल्क प्रदान किए गए, जिनसे कुम्हार अधिक उत्पादों को जल्द से जल्द तैयार कर सकें और उन्हें बाजारों में बेचकर बेहतर आमदनी प्राप्त कर सकें. साथ ही उन्होंने सभी कुम्हारों से परंपरागत उत्पाद जैसे कुल्हड़, मिट्टी के बर्तन, गमले का अधिक से अधिक उत्पादन करने की अपील करते हुए कहा कि मिट्टी के उत्पादों को बनाने पर विशेष जोर दें, क्योंकि इन्हें बाजार में अधिक पसंद किया जाता है. उन्होंने राज्य की जनता से दीपावली पर मिट्टी के दीये और स्वदेशी उत्पाद का अधिक इस्तेमाल करने की अपील की ताकि स्थानीय स्तर पर दीपावली के सामान बनाने वाले गरीब भी दिवाली की खुशियां मना सकें. इस अवसर पर भाजपा नेता टुनटुन सिंह, जिला उपाध्यक्ष बबुआ सिंह, जिला महामंत्री राकेश सिंह, सीतारामडेरा मंडल अध्यक्ष सुरेश शर्मा, रमेश नाग समेत अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

    रिपोर्ट : अन्नी अमृता, जमशेदपुर


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news