टीएनपी डेस्क(TNP DESK): आज देश में कई विमान दुर्घटना की खबर सामने आती है साथ ही दुर्घटनाएं बढ़ती जा रही है. जिससे लोगों के मन में फलाइट को लेकर डर बैठ गया है. पहले लोग ट्रैन,बस को असुरक्षित समझते थे लेकिन अब फलाइट भी उसी जोन में आ गया है. लोग विमान यात्रा करने से आज कल डरने लगे है. इसी परिप्रेक्ष्य में AirlineRatings.com ने वर्ष 2026 के लिए दुनिया की सबसे सुरक्षित एयरलाइनों की अपनी वार्षिक सूची जारी की है, जिसमें विभिन्न मानकों के आधार पर शीर्ष एयरलाइनों को स्थान दिया गया है.
यह सूची लो-कॉस्ट, हाइब्रिड और फुल-सर्विस एयरलाइनों को ध्यान में रखकर तैयार की जाती है. खास बात यह है कि यह रैंकिंग यात्रियों के रिव्यू के बजाय विशेषज्ञों की एक टीम द्वारा तय की जाती है. टीम एयरलाइन की सेवाओं, सुरक्षा रिकॉर्ड, विमान बेड़े की स्थिति, पायलट प्रशिक्षण और समग्र यात्री अनुभव जैसे कई महत्वपूर्ण मानकों के आधार पर मूल्यांकन करती है.
इस साल की रैंकिंग में एतिहाद एयरवेज़ ने पहली बार शीर्ष स्थान हासिल कर सबको चौंका दिया है. उसने एयर न्यूज़ीलैंड को पीछे छोड़ते हुए नंबर एक की पोजीशन हासिल की. एतिहाद को यह उपलब्धि उसके आधुनिक विमान बेड़े, मजबूत कॉकपिट सुरक्षा मानकों और बेहद कम दुर्घटना दर के कारण मिली है.
2026 की टॉप 10 सबसे सुरक्षित एयरलाइंस
- एतिहाद एयरवेज
- कैथे पैसिफिक
- क्वांटास
- कतर एयरवेज
- एमिरेट्स
- एयर न्यूजीलैंड
- सिंगापुर एयरलाइन्स
- EVA एयर
- वर्जिन ऑस्ट्रेलिया
- कोरियन एयर
इस साल की सूची में कोई भी भारतीय एयरलाइन जगह नहीं बना पाई है, जो देश के एविएशन सेक्टर के लिए चिंता का विषय माना जा रहा है. इसका अर्थ है कि सुरक्षा और ऑपरेशनल मानकों के मामले में भारतीय कंपनियां अभी भी वैश्विक स्तर पर शीर्ष एयरलाइनों से पीछे हैं.
AirlineRatings.com की सीईओ शेरोन पीटरसन के अनुसार, रैंकिंग तय करते समय कई अहम फैक्टर्स को ध्यान में रखा गया. इनमें कुल उड़ानों की संख्या, विमान बेड़े की औसत उम्र, सुरक्षा से जुड़े रिकॉर्ड, पायलट ट्रेनिंग की गुणवत्ता और अंतरराष्ट्रीय ऑडिट रिपोर्ट शामिल हैं. इसके अलावा इस वर्ष टर्बुलेंस को कम करने की क्षमता पर भी विशेष ध्यान दिया गया, क्योंकि उड़ान के दौरान होने वाली चोटों का यह एक बड़ा कारण है.
साल 2025 को वैश्विक स्तर पर विमान दुर्घटनाओं के लिहाज से एक चिंताजनक वर्ष माना गया. भारत, अमेरिका और यूरोप समेत कई क्षेत्रों में गंभीर हादसे सामने आए. 2026 भी इस मामले में पूरी तरह सुरक्षित नहीं रहा है. वर्ष के शुरुआती तीन महीनों में ही भारत में तीन विमान हादसे हो चुके हैं, जबकि दुनिया भर में अब तक कुल पांच दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं.
इसी कड़ी में हाल ही में दक्षिण अमेरिकी देश कोलंबिया में एक बड़ा सैन्य विमान हादसा हुआ, जिसमें कम से कम 66 लोगों की मौत हो गई. रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान में 128 लोग सवार थे, जिनमें ज्यादातर सैनिक शामिल थे.
कुल मिलाकर, यह रिपोर्ट स्पष्ट करती है कि वैश्विक एविएशन इंडस्ट्री में सुरक्षा को लेकर अभी भी काफी काम किए जाने की जरूरत है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और भरोसेमंद यात्रा अनुभव मिल सके.
Thenewspost - Jharkhand
4+


