टीएनपी डेस्क(TNP DESK): हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक बेहद दुखद करने वाली घटना सामने आ रही है जहां भटियात क्षेत्र के काकिरा के पास एक पर्यटकों से भरा ट्रैवलर अनियंत्रित होकर करीब 150 फीट गहरी खाई में जा गिरा. इस दर्दनाक दुर्घटना में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.
घटना रविवार देर रात की बताई जा रही है. अंधेरा होने के कारण हादसे की जानकारी तुरंत सामने नहीं आ सकी और सुबह स्थानीय लोगों को दुर्घटना का पता चला. जैसे ही ग्रामीणों ने खाई में वाहन को देखा, तुरंत प्रशासन और पुलिस को सूचना दी गई. इसके बाद राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया.
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकालकर तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया. सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार जारी है. डॉक्टरों के अनुसार कुछ यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे क्षेत्र को घेर लिया और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रैवलर में सवार सभी मृतक गुजरात के पर्यटक थे, जो घूमने के लिए हिमाचल आए थे. हादसे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन माना जा रहा है कि तेज रफ्तार या सड़क पर फिसलन इसकी वजह हो सकती है. विजय सकलानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है. प्रशासन ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है.

