जान का काल बना मोबाईल गेमिंग, 3 बहनों ने 9वीं मंजिल से लगा दी छलांग, सुसाइड नोट ने खोले खौफनाक राज़

    जान का काल बना मोबाईल गेमिंग, 3 बहनों ने 9वीं मंजिल से लगा दी छलांग, सुसाइड नोट ने खोले खौफनाक राज़

    टीएनपी डेस्क (TNP DESK): आमतौर पर लोग गेमिंग शौख के लिए खेलते हैं. पर आज की पीढ़ी के लिए गेमिंग शौख से कहीं बढ़कर हो चुका है और अब यही गेम लोगों के जान का काल बनता जा रहा है. गेमिंग की बात हो रही है तो आपको ब्लू व्हेल गेम तो याद ही होगा. इस गेम ने कितने मासूमों की जान ले ली है. हालांकि साल 2017 में इस गेम को बैन कर दिया गया था. पर इस गेम की शाख यहीं नहीं रुकी, और अभी भी इस तरह के मोबाईल गेम्स कई मासूमों के जान की बाली लेने पर तुले हुए हैं. ऐसा ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से सामने आया है. 

    इस दर्दनाक घटना में तीन सगी बहनों की मौत हो गई. मंगलवार रात करीब 2 बजे तीनों बहनें एक साथ बालकनी से नीचे गिर गईं. तेज आवाज सुनकर कॉलोनी के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी.

    मृतक बहनों की उम्र 12, 14 और 16 साल बताई जा रही है. वहीं घटना भारत सिटी की बी-1 टॉवर बिल्डिंग के फ्लैट नंबर 907 की है. पुलिस और परिजनों के अनुसार तीनों बहनें एक ही कमरे में रहती थीं और आपस में काफी जुड़ी हुई थीं.

    परिजनों का कहना है कि बच्चियां मोबाइल पर एक ऑनलाइन कोरियन लव गेम खेलती थीं. बताया गया कि पिता ने उन्हें गेम खेलने से रोका और डांट भी लगाई थी. इसी के बाद यह घटना हुई. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

    एडिशनल पुलिस कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. तीनों बच्चियां एक साथ रहती थीं और मोबाइल गेम खेलती थीं. हालांकि किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया गया, इसकी गहराई से जांच की जा रही है.

    पुलिस को बच्चियों के कमरे से एक डायरी मिली है, जिसमें सुसाइड नोट लिखा हुआ है. नोट में लिखा है कि वे गेम छोड़ नहीं पा रही थीं और इसके लिए माता-पिता से माफी मांगी गई है. परिजनों के मुताबिक यह नोट कई पन्नों का है.

    पिता चेतन ने बताया कि बच्चियां पिछले दो से तीन साल से यह गेम खेल रही थीं. वे ज्यादातर समय कमरे में रहती थीं और किसी से ज्यादा बात नहीं करती थीं. बड़ी बहन बाकी दोनों को गेम से जुड़े टास्क देती थी और छोटी बहनें उसकी बात मानती थीं.

    एसपी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बच्चियां करीब 80 फीट की ऊंचाई से नीचे गिरी थीं. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि बच्चियां पिछले दो साल से स्कूल नहीं जा रही थीं.

    पुलिस का कहना है कि मोबाइल फोन, गेम और ऑनलाइन चैट से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. मामले में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

    अगर आप या आपके आसपास कोई मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो परिवार और भरोसेमंद लोगों से बात करना बेहद जरूरी है. समय पर मदद कई जिंदगियां बचा सकती है. 

    कोरियन लव गेम के बारे में जानिए
    कोरियन लव गेम एक ऑनलाइन गेम है. यह इंटरनेट पर चलने वाले ऐसे ऑनलाइन चैट सिस्टम का नाम है, जिसमें सामने वाला खुद को कोरियन या विदेशी लड़का-लड़की बताकर बात शुरू करता है. यह गेम सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स के जरिए फैलता है.

    शुरुआत में सामने वाला दोस्ती और प्यार की बातें करता है. आसान-आसान टास्क दिए जाते हैं, ताकि भरोसा बन जाए. धीरे-धीरे टास्क बढ़ते जाते हैं. मानसिक दबाव बनने लगता है. कई मामलों में बात न मानने पर डराया जाता है. इससे खेलने वाला व्यक्ति तनाव में आ जाता है और उसका व्यवहार बदलने लगता है.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news