टीएनपी डेस्क(TNP DESK): पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में जांच ने एक बार फिर नया मोड़ ले लिया है. इस केस की जांच का दायरा अब बिहार और उत्तर प्रदेश की ओर तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है. इस मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (Central Bureau of Investigation) की टीम ने बिहार के बक्सर सेंट्रल जेल में बंद एक आरोपी से गहन पूछताछ की है. जानकारी के अनुसार CBI की दिल्ली यूनिट गुरुवार को जेल पहुंची और वहां बंद आरोपी को अदालत से रिमांड पर लेकर अपने साथ दिल्ली ले गई. इस कार्रवाई के बाद जांच एजेंसियों को इस हत्याकांड में बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच गहरे कनेक्शन मिलने की बात सामने आ रही है.
रिमांड पर लिए गए आरोपी की पहचान संजय राय के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के जमानियां थाना क्षेत्र के मतसा गांव का रहने वाला है. संजय राय कुछ समय पहले शराब तस्करी से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार हुआ था और तभी से वह बिहार के बक्सर सेंट्रल जेल में बंद था.
जांच के दौरान CBI को ऐसे कई अहम सुराग मिले हैं, जिनसे चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में संजय राय की संभावित भूमिका के संकेत मिले हैं. इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर उसे रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जा रही है. गौरतलब है कि यह घटना पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव परिणाम के दो दिन बाद, 6 मई को हुई थी. North 24 Parganas के मध्यमग्राम इलाके में 42 वर्षीय चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस वारदात ने पूरे राज्य में सनसनी फैला दी थी.
वहीं, आरोपी संजय राय को इससे पहले 11 मई को यूपी सीमा से सटे सायर घाट क्षेत्र में शराब तस्करी के मामले में राजपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया था. उसके पास से उस समय लगभग पांच लीटर अवैध शराब बरामद की गई थी. शुरुआती गिरफ्तारी एक सामान्य जांच के तहत हुई थी, लेकिन बाद में यही आरोपी एक बड़े हत्याकांड की जांच के केंद्र में आ गया. फिलहाल CBI इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है और उम्मीद है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे सामने आ सकते हैं.

