क्या आपके भी फोन में अचानक बजा तेज अलर्ट, घबराएं नहीं, जानिए क्या है सरकार का ये नया सिस्टम

    क्या आपके भी फोन में अचानक बजा तेज अलर्ट, घबराएं नहीं, जानिए क्या है सरकार का ये नया सिस्टम

    टीएनपी डेस्क(TNP DESK): अगर आज सुबह करीब 11:45 बजे आपके फोन में अचानक तेज आवाज के साथ अलर्ट आया और स्क्रीन पर एक मैसेज फ्लैश हुआ, तो आप अकेले नहीं हैं. देशभर में लाखों लोगों के मोबाइल पर एक साथ यह अलर्ट पहुंचा, जिससे कई लोग घबरा गए. किसी को लगा कि कोई बड़ी आपदा आ गई है, तो किसी के मन में सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे. लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल अलग है.

    दरअसल, यह अलर्ट भारत सरकार द्वारा शुरू किए गए एक नए इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम का हिस्सा है. सरकार ने सेल ब्रॉडकास्ट तकनीक के जरिए देशभर के मोबाइल यूजर्स को एक साथ संदेश भेजने की व्यवस्था विकसित की है. इसका मकसद किसी भी आपदा या आपात स्थिति में लोगों तक तुरंत सूचना पहुंचाना है.

    यह कोई खतरे की चेतावनी नहीं थी, बल्कि एक टेस्ट संदेश था. सरकार इस सिस्टम की जांचने के लिए समय-समय पर ऐसे ट्रायल करती है, ताकि जरूरत पड़ने पर इसे प्रभावी ढंग से इस्तेमाल किया जा सके. इस दौरान मोबाइल में कुछ सेकंड तक तेज अलार्म बजता है और स्क्रीन पर एक विशेष संदेश दिखाई देता है.

    यूजर्स को जो संदेश मिला, उसमें बताया गया कि भारत ने स्वदेशी तकनीक के माध्यम से सेल ब्रॉडकास्ट सेवा शुरू की है. इसके जरिए नागरिकों को आपदा से जुड़ी जानकारी तुरंत दी जा सकेगी. साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि यह केवल एक परीक्षण संदेश है और इस पर कोई कार्रवाई करने की आवश्यकता नहीं है.

    इस पहल का मुख्य लक्ष्य देश के लोगों को सुरक्षित रखना है. प्राकृतिक आपदाओं, जैसे भूकंप, बाढ़, तूफान या अन्य आपात स्थितियों में यह सिस्टम बेहद उपयोगी साबित हो सकता है. इससे सरकार बिना किसी देरी के सीधे नागरिकों तक जरूरी जानकारी पहुंचा सकेगी.

    अगर आपके फोन में ऐसा अलर्ट आता है, तो घबराने की जरूरत नहीं है. यह केवल एक परीक्षण प्रक्रिया का हिस्सा होता है. भविष्य में यह सिस्टम आपकी सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. सरकार का यह कदम ‘सतर्क नागरिक, सुरक्षित राष्ट्र’ के लक्ष्य की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है.

     

     



    Related News