10 जनवरी को महिला हॉकी लीग का फाइनल, सीएम हेमंत सोरेन होंगे शामिल, बढ़ाएंगे खिलाड़ियों का उत्साह

    10 जनवरी को महिला हॉकी लीग का फाइनल, सीएम हेमंत सोरेन होंगे शामिल, बढ़ाएंगे खिलाड़ियों का उत्साह

    रांची (RANCHI): महिला हीरो हॉकी इंडिया लीग का खिताबी मुकाबला 10 जनवरी को रांची स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा. इस महत्वपूर्ण मुकाबले में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाएंगे.

    साथ ही इस अवसर पर झारखंड सरकार के पर्यटन, कला संस्कृति, खेल एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार भी विशिष्ट अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में शामिल होंगे. वहीं अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ के अध्यक्ष दातो तैय्यब इकराम की मौजूदगी इस आयोजन को अंतरराष्ट्रीय पहचान देगी. विधायक कल्पना सोरेन भी सम्मानित अतिथि के रूप में फाइनल मुकाबले में शिरकत करेंगी.

    एसजी पाइपर्स और श्राची बंगाल टाइगर्स के बीच खिताबी जंग

    महिला हीरो हॉकी इंडिया लीग का फाइनल मुकाबला एसजी पाइपर्स और श्राची बंगाल टाइगर्स के बीच खेला जाएगा. दोनों टीमों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान बेहतरीन प्रदर्शन किया है और अब खिताब जीतने के इरादे से मैदान में उतरेंगी.

    महिला हॉकी को मिलेगा नया संबल

    हॉकी इंडिया के अध्यक्ष और हीरो हॉकी इंडिया लीग गवर्निंग कमेटी के चेयरपर्सन डॉ दिलीप तिर्की ने कहा कि इतने प्रतिष्ठित अतिथियों की मौजूदगी से यह साफ है कि सरकार और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हॉकी को मजबूत समर्थन मिल रहा है. इससे महिला हॉकी को नई दिशा और मजबूती मिलेगी.

    वहीं हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा कि महिला हीरो हॉकी इंडिया लीग युवा और उभरती महिला खिलाड़ियों के लिए एक सशक्त मंच बनकर उभरी है. फाइनल मुकाबले में विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी लीग की बढ़ती सफलता और लोकप्रियता को दर्शाती है.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news