गुमला में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक का पैर कटा

    गुमला में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक का पैर कटा

    गुमला (GUMLA): गुमला जिले के बिशुनपुर थाना क्षेत्र में नेतरहाट रोड स्थित मिडिल स्कूल के पास देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे में बिशुनपुर बाजार टाड़ निवासी रोशन तिर्की का एक पैर कटकर अलग हो गया, जबकि बाइक पर पीछे बैठे सियार टोली निवासी चोटे उरांव को भी गंभीर चोटें आई हैं.

    जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से जा रहे थे, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े. हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़े बिना फरार हो गया.

    घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने मानवता दिखाते हुए दोनों घायलों को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिशुनपुर पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने रोशन तिर्की की हालत गंभीर देखते हुए उसे सदर अस्पताल गुमला रेफर कर दिया. चोटे उरांव का भी इलाज जारी है.

    सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है. पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के साथ-साथ प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news