दर्दनाक! पत्नी से मिलने जा रहे थे लिपिक, ट्रेन पकड़ने के लिए जैसे ही लगाया दौड़ तो जमीन पर गिर पड़े, हार्ट अटैक से मौत

    दर्दनाक! पत्नी से मिलने जा रहे थे लिपिक, ट्रेन पकड़ने के लिए जैसे ही लगाया दौड़ तो जमीन पर गिर पड़े, हार्ट अटैक से मौत

    कोडरमा (KODERMA) : झारखंड के कोडरमा जिले से एक दर्दनाक खबर सामने आयी है. जहां पत्नी से मिलने जा रहे लिपिक की मौत हो गई. दरअसल कोडरमा जंक्शन पर मरकच्चो प्रखंड कार्यालय में पदस्थापित एक लिपिक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. मृतक की पहचान नवादा (बिहार) निवासी 49 वर्षीय पंकज कुमार के रूप में हुई है. वे अपनी पत्नी से मिलने गयाजी जा रहे थे. जानकारी के अनुसार पंकज कुमार जम्मूतवी एक्सप्रेस पकड़ने के लिए कोडरमा स्टेशन पहुंचे थे. ट्रेन खुलने में कुछ ही मिनट शेष होने के कारण वे हड़बड़ी में प्लेटफॉर्म पर दौड़ पड़े. इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गिर पड़े. गिरते ही वे बेहोश हो गए, जिससे स्टेशन परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई.

    घटना की सूचना मिलते ही वहां मौजूद यात्रियों और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों ने उन्हें तत्काल संभाला. आरपीएफ कर्मियों ने बिना देर किए उन्हें अपने वाहन से एक निजी क्लिनिक पहुंचाया, जहां प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताई. इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया. सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद पंकज कुमार को मृत घोषित कर दिया. अस्पताल प्रशासन के अनुसार प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हृदय गति रुकना (कार्डियक अरेस्ट) माना जा रहा है. हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी. घटना की जानकारी मिलते ही मरकच्चो प्रखंड के बीडीओ, प्रखंड कार्यालय के कर्मचारी और जिले के वरीय अधिकारी सदर अस्पताल पहुंचे. अधिकारियों ने मामले की जानकारी ली और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए.

    पंकज कुमार पिछले दो वर्षों से मरकच्चो प्रखंड कार्यालय में लिपिक के पद पर कार्यरत थे. इससे पहले वे निर्वाचन विभाग में सेवा दे चुके थे. उनकी पत्नी गयाजी जिले में शिक्षिका हैं. उनके दो छोटे बच्चे हैं. सहकर्मियों द्वारा सूचना दिए जाने पर परिजन देर रात सदर अस्पताल पहुंचे, जहां शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. मंगलवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news