अनियंत्रित हाइवा की चपेट में आयी तीन सहेली, दो की मौत, एक अस्पताल में लड़ रही जिंदगी और मौत की जंग

    अनियंत्रित हाइवा की चपेट में आयी तीन सहेली, दो की मौत,  एक अस्पताल में लड़ रही जिंदगी और मौत की जंग

    दुमका(DUMKA):दुमका जिला के हंसडीहा थाना क्षेत्र के कुंजी गांव के समीप भीषण सड़क हादसा हुआ. हादसे में दो महिलाओं की मौत घटनास्थल पर ही हो गई. जबकि एक युवती फूलोझानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है. मृतिका का नाम प्रियंका कुमारी और सोनी देवी है जबकि घायल युवती का नाम पूजा कुमारी है. मृतका हंसडीहा थाना क्षेत्र के महेशखंदा गांव की रहने वाली थी जबकि घायल पूजा कुमारी भगवानपुर गांव की रहने वाली है.

    तीनों दौड़ का अभ्यास करने निकली थी घर से

    जानकारी के अनुसार एक महीने से तीनों महिलाएं झारखंड सिपाही बहाली के लिए दौड़ की तैयारी करने के लिए प्रतिदिन सुबह भागलपुर दुमका मुख्य मार्ग पर आ कर दौड़ का अभ्यास करती थी. रविवार की सुबह तीनों अपने घर से निकलकर भागलपुर दुमका मुख्य मार्ग पहुंची थी, इस दौरान तीनों हाईवा की चपेट में आ गई. दरअसल भागलपुर से दुमका की ओर आ रही अनियंत्रित हाईवा ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया जिससे प्रियंका और सोनी की मौत घटनास्थल पर ही हो गई. जबकि गंभीर रूप से घायल पूजा को बेहतर इलाज के लिए दुमका के फूलोझानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद हाइवा पेड़ से जा टकराया. चालक और खलासी फरार बताया जा रहा है.

    दुमका भागलपुर मुख्य मार्ग स्थानीय लोगों ने किया जाम

     इधर, घटना के विरोध में स्थानीय लोगों ने दुमका भागलपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. जाम के कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई. वहीं सूचना मिलते ही हंसडीहा थाना प्रभारी और जरमुंडी एसडीपीओ संतोष कुमार घटनास्थल पहुंचे. वहीं सड़क जाम कर रहे लोगों को प्रशासन की ओर से समझने का प्रयास जारी है. आक्रोशित लोग मृतक के परिजनों को सरकारी नौकरी के साथ घायलों को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं. एसडीपीओ ने कहा कि लोगों को समझाने का प्रयास जारी है,शीघ्र ही समस्या का समाधान हो जाएगा.

    रिपोर्ट :पंचम झा

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news