रांची के डॉ. बिभूति कश्यप ने रचा इतिहास, दो ‘रेट बकलर’ ट्रॉफी जीतकर बनाया विश्व रिकॉर्ड

    रांची के डॉ. बिभूति कश्यप ने रचा इतिहास, दो ‘रेट बकलर’ ट्रॉफी जीतकर बनाया विश्व रिकॉर्ड

    रांची (RANCHI): कश्यप मेमोरियल आई हॉस्पिटल के वरिष्ठ नेत्र सर्जन डॉ. बिभूति कश्यप ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर झारखंड और देश का नाम रोशन किया है. अमेरिकन सोसाइटी ऑफ रेटिना स्पेशलिस्ट्स (ASRS) के वार्षिक सम्मेलन में उन्होंने एक ही वर्ष में दो ‘रेट बकलर’ (Rhett Buckler) ट्रॉफी जीतकर विश्व रिकॉर्ड कायम किया है. ऐसा करने वाले वे दुनिया के एकमात्र सर्जन बन गए हैं.

    यह उपलब्धि न केवल कश्यप मेमोरियल आई हॉस्पिटल बल्कि पूरे राज्य और देश के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है.

    राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित
    डॉ. कश्यप की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर ऑल इंडिया ऑप्थल्मोलॉजिकल सोसाइटी (AIOS) के अध्यक्ष डॉ. पार्था बिस्वास और उपाध्यक्ष डॉ. मोहन राजन ने उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया. इस अवसर पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी और ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह भी मौजूद रहीं.

    क्यों कहा जाता है ‘रेटिना सर्जरी का ऑस्कर’?
    ‘रेट बकलर’ ट्रॉफी को रेटिना सर्जरी का ‘ऑस्कर’ कहा जाता है. इसका निर्माण वही कंपनी RS Owens करती है, जो विश्व प्रसिद्ध ऑस्कर (Academy Awards) ट्रॉफी बनाती है.

    ASRS के वार्षिक सम्मेलन में एक विशेष ‘फिल्म फेस्टिवल’ खंड आयोजित किया जाता है, जिसमें दुनिया भर के रेटिना सर्जन अपने सर्वश्रेष्ठ और जटिल सर्जिकल मामलों के वीडियो प्रस्तुत करते हैं. इन वीडियो में अत्यंत कठिन आंखों की सर्जरी को नवीन तकनीकों के माध्यम से सफलतापूर्वक अंजाम देने की प्रक्रिया दिखाई जाती है. सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुति को यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी प्रदान की जाती है.

    सबसे सूक्ष्म सर्जरी में उत्कृष्टता
    रेटिना सर्जरी को शरीर की सबसे सूक्ष्म और जटिल सर्जरी में से एक माना जाता है. यह सम्मान उन सर्जनों को दिया जाता है जो दुर्लभ और चुनौतीपूर्ण मामलों को अभिनव तकनीक से सफलतापूर्वक पूरा करते हैं और उसे वैज्ञानिक प्रस्तुति के रूप में विश्व मंच पर प्रदर्शित करते हैं. डॉ. बिभूति कश्यप की यह उपलब्धि चिकित्सा क्षेत्र में भारत की बढ़ती साख का प्रतीक मानी जा रही है.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news