खूंटी में PLFI का एक बार फिर से तांडव, क्रेशर प्लांट में की अंधाधुंध फायरिंग, संचालक से मांगी 20 लाख की लेवी


खूंटी (KHUNTI): खूंटी जिले में पीएलएफआई उग्रवादियों ने एक बार फिर दहशत फैलाने की कोशिश की है. बुधवार देर रात 24 दिसंबर को चार अज्ञात हथियारबंद उग्रवादी सदर थाना क्षेत्र के डुगड़गिया स्थित मेसर्स नितेश शारदा क्रेशर प्लांट में घुस आए और अंधाधुंध फायरिंग की. अचानक हुई गोलीबारी से क्रेशर प्लांट में मौजूद कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई.
फायरिंग के बाद उग्रवादियों ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों को एक पर्चा सौंपा. यह पर्चा पीएलएफआई के जोनल सदस्य राजेश यादव के नाम से जारी बताया जा रहा है. पत्र में क्रेशर प्लांट के संचालक से 20 लाख रुपये की लेवी की मांग की गई है. साथ ही चेतावनी दी गई है कि मांग पूरी नहीं होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई. पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. घटनास्थल के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है और उग्रवादियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल इलाके में दहशत का माहौल है और क्रेशर संचालकों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.
4+