सदर अस्पताल में मनाई गई लेप्रोस्कोपिक सर्जरी शुरू होने की पांचवीं वर्षगांठ

    सदर अस्पताल में मनाई गई लेप्रोस्कोपिक सर्जरी शुरू होने की पांचवीं वर्षगांठ

    रांची (RANCHI) : सदर अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर परिसर में लेप्रोस्कोपी सर्जरी शुरू होने की पांचवीं वर्षगांठ मनाई गई. साथ ही, पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, आज से सदर अस्पताल में दूसरी पाली में भी ऑपरेशन शुरू कर दिए गए. पांच वर्ष पूर्व, कोविड काल के दौरान, दिनांक 22/09/20 को सदर अस्पताल रांची को झारखंड का पहला जिला अस्पताल होने का गौरव प्राप्त हुआ था जहां लेप्रोस्कोपी सर्जरी शुरू की गई थी. इस अवसर पर आज केक काटकर लेप्रोस्कोपी सर्जरी शुरू होने की पांचवीं वर्षगांठ मनाई गई.

    इन पांच वर्षों में, न्यूनतम इनवेसिव सर्जरी पद्धति से सैकड़ों मरीजों का इलाज किया गया है. आज सदर अस्पताल, रांची ने एक और नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए, ऐसा पहला जिला अस्पताल होने का सौभाग्य प्राप्त किया जहां दूसरी पाली में भी मरीजों के ऑपरेशन किए जाएंगे.

    हाल के दिनों में, यह देखा गया है कि सदर अस्पताल, रांची में सर्जरी कराने वाले मरीजों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है. मरीजों को अपने ऑपरेशन के लिए भी लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है. ऐसे में सदर अस्पताल प्रशासन ने मरीजों की सुविधा के लिए मौजूदा संसाधनों में ही दूसरा ऑपरेशन थियेटर शुरू करने का फैसला किया. लेप्रोस्कोपिक सर्जरी के सफल पाँच वर्ष पूरे होने पर सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार और उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश सिंह ने संयुक्त रूप से केक काटा और डॉक्टरों व ऑपरेशन थियेटर स्टाफ को बधाई दी. दोनों अधिकारियों ने इवनिंग ऑपरेशन थियेटर का भी उद्घाटन किया.

    मीडिया से बातचीत में सिविल सर्जन ने बताया कि निकट भविष्य में (नवंबर के आसपास) सदर अस्पताल, रांची के सर्जरी विभाग में पीजी (डीएनबी) पाठ्यक्रम भी शुरू किए जाएँगे और आपातकालीन ऑपरेशन की सुविधा भी उपलब्ध होगी. इवनिंग ऑपरेशन थियेटर में न्यूरोसर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, पल्मोनोलॉजी, प्लास्टिक सर्जरी, जनरल सर्जरी और गायनोकोलॉजी जैसे विभागों के मरीजों का ऑपरेशन और इलाज किया जाएगा. इस अवसर पर ओटी प्रभारी डॉ. अजीत कुमार, डॉ. नीरज, डॉ. विकास बल्लभ, डॉ. स्टीफन खेस, डॉ. वसुधा, डॉ. तन्मय, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. धनंजय, सिस्टर इन चार्ज सिस्टर नेली, स्नेहलता, माला सिन्हा एवं सभी ओटी स्टाफ उपस्थित थे.

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news