BREAKING: कोडरमा से रांची आ रही यात्री बस पलटी, 11 यात्री घायल व तीन की हालत गंभीर, मची अफरातफरी

    BREAKING: कोडरमा से रांची आ रही यात्री बस पलटी, 11 यात्री घायल व तीन की हालत गंभीर, मची अफरातफरी

    कोडरमा (KODERMA): बड़ी खबर कोडरमा जिले से सामने आ रही है. जहां रांची आ रही यात्री बस पलट गई है. इस हादसे में 11 यात्री घायल हो गए है, जबकि 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना को लेकर बताया जा रहा कि कोडरमा ज़िले के सतगांव थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह करीब साढ़े चार बजे अंगार मोड़ के पास यात्री बस तेज़ रफ़्तार के कारण अनियंत्रित होकर पलट गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस बहुत तेज़ रफ़्तार से चल रही थी और जैसे ही वह एक तीखे मोड़ पर पहुँची, चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस सड़क किनारे पलट गई. इस हादसे से अफरा-तफरी मच गई.

    बताया जा रहा है कि सागर बस सतगांव और रांची के बीच रोज़ाना चलती है. हादसे के वक़्त यह रांची की ओर जा रही थी. स्थानीय निवासियों और पुलिस की मदद से घायल यात्रियों को तुरंत सतगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कोडरमा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.

    घायलों में सचिन कुमार, रानी देवी, ब्रह्मदेव यादव, अंकित कुमार, रामस्वरूप यादव, काजल कुमारी, रिया कुमारी, दीपक कुमार, राहुल प्रियदर्शी, राजेश कुमार और ललिता कुमारी शामिल हैं. इनमें से कई छात्र थे जो पढ़ाई के लिए रांची और हज़ारीबाग जा रहे थे. सतगांव थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर अरविंद सिंह भी इस हादसे में घायल हो गए. वह ट्रेनिंग के लिए बस से कोडरमा जा रहे थे. उनकी हालत फिलहाल स्थिर है. हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और स्थानीय निवासियों की मदद से बचाव एवं राहत कार्य शुरू किया.

    स्थानीय निवासियों का कहना है कि बस की गति सामान्य से कहीं ज़्यादा थी और चालक अंगार मोड़ जैसे खतरनाक मोड़ पर बस की गति कम नहीं कर पाया, जिसके कारण यह हादसा हुआ. सभी घायलों का इलाज कोडरमा सदर अस्पताल में चल रहा है. पुलिस मामले की जाँच कर रही है.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news