BREAKING: गढ़वा में ज्वेलरी शॉप से 50 लाख की चोरी, सोना-चांदी, नकदी के साथ CCTV हार्डडिस्क भी ले उड़े चोर

    BREAKING: गढ़वा में ज्वेलरी शॉप से 50 लाख की चोरी, सोना-चांदी, नकदी के साथ CCTV हार्डडिस्क भी ले उड़े चोर

    गढ़वा (GARHWA): झारखंड के गढ़वा जिले में एक बार फिर बड़ी चोरी की घटना सामने आई है. बिसुनपुरा थाना क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध व्यवसायी राम हरख प्रसाद गुप्ता की दुकान शुभ लक्ष्मी वस्त्रालय–मुन्ना ज्वेलर्स में बीती रात अज्ञात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया. चोर सोना, चांदी, कपड़े और नकदी सहित करीब 50 लाख रुपये का सामान लेकर फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है.

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोर दुकान के पीछे की ओर से लोहे की ग्रिल में लगा ताला तोड़कर अंदर घुसे. इसके बाद उन्होंने दुकान में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और कपड़े समेट लिए. सुबह जब व्यवसायी दुकान पहुंचे तो ताला टूटा देख उन्हें चोरी की जानकारी हुई. दुकान के अंदर का नजारा पूरी तरह अस्त-व्यस्त था. अलमीरा टूटी हुई थी और जेवरात व कपड़े इधर-उधर बिखरे पड़े थे.

    बताया जा रहा है कि दुकान में रखा एक लोहे का लॉकर चोर तोड़ नहीं सके और उसे ले जाने की कोशिश भी नाकाम रही. वारदात के दौरान चोरों ने पहचान छिपाने के लिए दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की हार्डडिस्क भी अपने साथ ले ली, जिससे जांच में पुलिस को चुनौती का सामना करना पड़ रहा है.

    घटना की जानकारी मिलते ही बिसुनपुरा थाना प्रभारी राहुल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की. पीड़ित व्यवसायी ने बताया कि वह रोज की तरह बुधवार रात करीब 8 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे. इसके बाद रात करीब 9 बजे उनके माता-पिता दुकान के ऊपर स्थित दूसरी मंजिल पर सोने चले गए थे. इसी दौरान चोरों ने घटना को अंजाम दिया.

    इस चोरी की घटना से स्थानीय व्यवसायियों में भारी आक्रोश है. व्यवसायी संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से जल्द खुलासा करने की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक मामले का खुलासा नहीं होता, तब तक सभी दुकानों को बंद रखकर विरोध किया जाएगा.

    रिपोर्ट: धर्मेंद्र कुमार


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news