बड़ी खबर : बांको विस्फोटक लूट व रेलवे ट्रैक ब्लास्ट में शामिल नक्सली ने किया आत्मसमर्पण

    बड़ी खबर : बांको विस्फोटक लूट व रेलवे ट्रैक ब्लास्ट में शामिल नक्सली ने किया आत्मसमर्पण

    चाईबासा (CHAIBASA): झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के जामदा थाना क्षेत्र अंतर्गत कोंटोद्या गांव निवासी रोया कालुंडी उर्फ गणेश ने गुरुवार को राउरकेला में पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया. आत्मसमर्पण के मौके पर पश्चिमांचल के डीआईजी ब्रजेश राय और राउरकेला के एसपी नितिन बाघवानी मौजूद थे.

    पुलिस के अनुसार, रोया कालुंडी मात्र 12 वर्ष की उम्र में नक्सली रप्पा और गंगा से प्रेरित होकर मोछू के दस्ते में शामिल हुआ था. वह लंबे समय तक सारंडा जंगल के तिरिलपोशी, लैलोर, जमरडिही और जोजोडेरा क्षेत्र में सक्रिय रहा. वह वर्ष 2025 में हुई बांको विस्फोटक लूट, रेलवे ट्रैक विस्फोट और आईईडी ब्लास्ट जैसी गंभीर घटनाओं में शामिल था.

    डीआईजी ब्रजेश राय ने बताया कि बांको में विस्फोटक लूट की घटना को अंजाम देने के लिए सारंडा क्षेत्र में 70 से 80 नक्सली सक्रिय थे. नक्सली अनमोल ने चावल लूट के नाम पर ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनसे सहयोग मांगा था. इसके बाद बांको स्थित पत्थर खदान में पहुंचे विस्फोटकों से भरे वाहन को लूट लिया गया. लूटे गए कुछ कार्टून जंगल में छिपा दिए गए, जबकि कुछ विस्फोटक झारखंड ले जाए गए.

    डीआईजी ने बताया कि रोया कालुंडी नक्सलियों की बढ़ती हिंसा और उनकी विचारधारा से निराश हो गया था. इसी कारण उसने संगठन छोड़ने का निर्णय लिया और ओडिशा सरकार की आत्मसमर्पण नीति से प्रभावित होकर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया.

    उन्होंने कहा कि सरकार की आत्मसमर्पण नीति के तहत रोया कालुंडी को सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि वह समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सामान्य जीवन जी सके.

    रिपोर्ट : बीरेंद्र मंडल


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news