बड़ी खबर: पंकज मिश्रा के आवास पर व्यवसायियों की बैठक, 16 जनवरी से साहिबगंज–पाकुड़ में आर्थिक नाकेबंदी का ऐलान

    बड़ी खबर: पंकज मिश्रा के आवास पर व्यवसायियों की बैठक, 16 जनवरी से साहिबगंज–पाकुड़ में आर्थिक नाकेबंदी का ऐलान

    साहिबगंज (SAHIBGANJ): झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सचिव पंकज मिश्रा के साहिबगंज स्थित आवासीय कार्यालय में मंगलवार को पत्थर व्यवसायियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक में साहिबगंज और पाकुड़ जिले के पत्थर व्यवसायियों ने संयुक्त रूप से 16 जनवरी से आर्थिक नाकेबंदी करने का निर्णय लिया.

    बैठक में व्यवसायियों ने रेलवे विभाग को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो रेलवे के माध्यम से होने वाली पत्थर और स्टोन चिप्स की माल ढुलाई पूरी तरह बंद कर दी जाएगी. व्यवसायियों का स्पष्ट कहना है कि साहिबगंज के पूर्वी और पश्चिमी रेलवे फाटक पर आरओबी (रेल ओवर ब्रिज) का निर्माण लंबे समय से लंबित है, जिससे क्षेत्र के लोगों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

    व्यवसायियों ने कहा कि जब तक इन दोनों रेलवे फाटकों पर आरओबी का निर्माण नहीं होता, तब तक माल ढुलाई नहीं की जाएगी. उन्होंने यह भी ऐलान किया कि यदि 15 जनवरी तक पूर्वी और पश्चिमी रेलवे फाटक पर आरओबी निर्माण की टेंडर प्रक्रिया शुरू नहीं होती है, तो 16 जनवरी से साहिबगंज और पाकुड़ जिले से रेलवे द्वारा पत्थर और स्टोन चिप्स की ढुलाई पूरी तरह बंद कर दी जाएगी.

    बैठक के दौरान व्यवसायियों ने कहा कि यह आंदोलन साहिबगंज के विकास से जुड़ा हुआ है और वे अंतिम क्षण तक अपनी मांगों के लिए संघर्ष करेंगे. पंकज मिश्रा के नेतृत्व में लिए गए इस फैसले से रेलवे और प्रशासन पर दबाव बढ़ने की संभावना है.

    रिपोर्ट : गोविंद ठाकुर


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news