धनबाद में दिखा नशे में धुत कार चालक का तांडव, मेमको मोड़ पर बेकाबू कार ने तीन वाहनों को मारी टक्कर

    धनबाद में दिखा नशे में धुत कार चालक का तांडव, मेमको मोड़ पर बेकाबू कार ने तीन वाहनों को मारी टक्कर

    धनबाद (DHANBAD): बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के मेमको मोड़ पर शनिवार देर रात शराब के नशे में धुत एक कार चालक ने सड़क पर हंगामा मचा दिया. तेज रफ्तार और लापरवाही से दौड़ रही कार ने क्रमवार तीन वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना अचानक और भीषण था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए. इस घटना में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है. राहत की बात यह रही कि एक कार में सवार परिवार इस दुर्घटना में सुरक्षित बच गया.

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार में चालक के साथ दो अन्य युवक भी सवार थे. तीनों ने मेमको मोड़ स्थित शराब दुकान से शराब खरीदी और वहीं शराब पी. इसके बाद चालक ने नशे की हालत में कार तेज रफ्तार से चला दी. पहले सड़क किनारे खड़ी एक गाड़ी को टक्कर मारी, फिर बिना रुके आगे बढ़ते हुए दूसरी कार और एक एसयूवी को भी चपेट में ले लिया. लगातार टक्करों से सभी वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है.

    हादसे में रणबीर कुमार और एक महिला सहित कुल चार लोग घायल हुए हैं. रणबीर कुमार और महिला की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया. अन्य दो घायलों का भी इलाज चल रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर उस वक्त सड़क पर ज्यादा भीड़ होती, तो नुकसान और बड़ा हो सकता था.

    घटना के बाद गुस्साए लोगों ने चालक को मौके पर ही पकड़ लिया. पूछताछ में उसने अपनी गलती मानते हुए लापरवाही स्वीकार की. हालांकि, कार में मौजूद उसके दो साथी मौके से फरार हो गए. सूचना मिलने पर बरवाअड्डा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने कार की तलाशी में शराब की बोतलें बरामद कीं और आरोपी चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल जांच के लिए भेज दिया. मामले की जांच जारी है और फरार युवकों की तलाश की जा रही है.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news