वोट अधिकार यात्रा में ये क्या हुआ? आपस में भिड़े राजद सांसद-विधायक के अंगरक्षक, निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थन में लगे नारे

    वोट अधिकार यात्रा में ये क्या हुआ? आपस में भिड़े राजद सांसद-विधायक के अंगरक्षक, निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थन में लगे नारे

    औरंगाबाद(AURANGABAD):महागठबंधन की वोट अधिकार यात्रा के दूसरे दिन सोमवार को औरंगाबाद में बड़ा हंगामा देखने को मिला. राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के साथ यात्रा में शामिल काफिले में राजद के राज्यसभा सांसद और विधायक के अंगरक्षक आपस में भिड़ गए. इस बीच, कार्यक्रम स्थल पर राजद का झंडा लिए लोगों ने निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थन में नारे भी लगाए.

    ओवरटेक को लेकर सांसद-विधायक के बॉडीगार्ड में भिड़ंत

    घटना उस समय हुई जब राहुल गांधी विश्व प्रसिद्ध देव सूर्य मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद कारकेड के साथ बाहर निकले. काफिले में राजद के राज्यसभा सांसद संजय यादव और औरंगाबाद जिले के नबीनगर विधायक विजय कुमार सिंह उर्फ डबल्यू सिंह के अंगरक्षक आपस में भिड़ गए.जानकारी के अनुसार, दोनों गाड़ियों के बीच ओवरटेक को लेकर बहस शुरू हुई, जो मारपीट तक जा पहुँची.बताया जाता है कि सांसद के अंगरक्षक विधायक के सुरक्षाकर्मियों पर भारी पड़ गए और उन्हें पीट दिया. हालात ऐसे बने कि मामला तूल पकड़ने पर काफिला ही जंग का मैदान बन सकता था.हालांकि, समय रहते सांसद और विधायक ने बीच-बचाव कर माहौल को संभाल लिया.

    राहुल-तेजस्वी के बाहर निकलते ही लगे निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थन में नारे

    इसी दौरान, मंदिर के बाहर एक और दृश्य देखने को मिला. जैसे ही राहुल गांधी और तेजस्वी यादव मंदिर से बाहर आए, राजद का झंडा थामे समर्थकों का एक समूह अचानक औरंगाबाद के ही रहने वाले और निर्दलीय प्रत्याशी शक्ति मिश्रा के समर्थन में नारे लगाने लगा.शक्ति मिश्रा जिंदाबाद के नारों से पूरा माहौल गूंज उठा.इस नारेबाजी ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है और कयास लगाए जा रहे हैं कि शक्ति मिश्रा जल्द ही राजद में शामिल हो सकते है.

    राजनीतिक सरगर्मी तेज

    औरंगाबाद की इस घटना ने महागठबंधन की वोट अधिकार यात्रा को सुर्खियों में ला दिया है. एक ओर महागठबंधन एकजुटता का संदेश देने की कोशिश कर रहा है, वहीं दूसरी ओर यात्रा के दौरान ही पार्टी के नेताओं के अंगरक्षकों की भिड़ंत और निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थन में उठे नारे, संगठन के अंदरूनी समीकरणों पर सवाल खड़े कर रहे है.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news