20 साल में कर्मियों के वेतन का बढ़ा बजट में आकार, 13 गुणा की बढ़ोतरी

    20 साल में कर्मियों के वेतन का बढ़ा बजट में आकार, 13 गुणा की बढ़ोतरी

    पटना(PATNA): राज्य में 10 लाख नौकरी के साथ एक करोड़ के रोजगार देने का लक्ष्य मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रखा है. इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए सरकार की कवायद भी तेज है. विभिन्न विभाग और क्षेत्रों में युवा युवती को सरकार रोजगार दे रही है. जिसका नतीजा है कि पिछले 20 वर्षों में सिर्फ वेतन मद में सरकार के बजट में 13 गुणा से अधिक की बढ़ोतरी हुई है।  हाल में विधानमंडल सत्र में पेश हुए आगामी वित्तीय वर्ष 2026–27 के बजट में इससे संबंधित आंकड़ा पेश किया गया.  

    20 वर्ष में 13 गुणा बढ़ा वेतन आकार

    वित्तीय वर्ष 2005–06 में पेश किए जाने वाले राज्य के बजट में वेतन मद में महज 5 हजार 152 करोड़ रुपए का प्रावधान हुआ करता था.  वहीं, वित्तीय वर्ष 2025–26 में वेतन मद का आकार बढ़कर 51 हजार 690 करोड़ रुपए हो गया और 2026–27 में यह 70 हजार 220 करोड़ रुपए तक पहुंच गया.  राज्य में अब तक का वेतन मद में यह सबसे बड़ा बजट आकर है. इसी तरह पेंशन मद की राशि में भी लगातार बढ़ोतरी हुई है. वर्तमान बजट में यह 35 हजार 170 करोड़ रुपए तक पहुंच गया है, जो वेतन मद की आधी राशि है.  जबकि, वित्तीय वर्ष 2005–06 में पेंशन मद का बजट आकार महज 2 हजार 456 करोड़ रुपए हुआ करता था। वेतन मद की तरह ही इसमें भी बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

    वेतन मद के साथ बढ़ी सरकारी कर्मियों की संख्या भी

     वेतन मद में लगातार बढ़ते बजट आकर से यह स्पष्ट हो गया है कि सरकारी नौकरियों में लोगों को काफी अवसर मिलते जा रहे हैं. सरकारी महकमों खासकर शिक्षा, पुलिस, स्वास्थ्य जैसे अन्य में बड़ी संख्या में अलग–अलग पदों पर लगातार बहाली की जा रही है.  इसी का नतीजा है कि वर्तमान में सरकारी कर्मियों की संख्या बढ़कर करीब 9 लाख 50 हजार हो गई है.  20 वर्ष पहले तक इनकी संख्या 3 से साढ़े 3 लाख तक ही हुआ करती थी.  इसमें तीन गुणा से अधिक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.  सिर्फ पिछले दो वर्षों में शिक्षक, सिपाही समेत अन्य को मिलाकर 2 लाख से अधिक कर्मियों की बहाली की गई है.  यह अपने आप में बड़ी उपलब्धि है.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news