नवादा (NAWADA) : बिहार में आए दिन क्राइम का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है. कभी गुंडई तो कभी छिनतई. एक ऐसा ही मामला नवादा से सामने आया है, जहां बदमाशों की दबंगाई इतनी बढ़ गई कि अब वो खुलेआम धमकी भी देने लगे. तिलैया जंक्शन की सूचना पट पर बदमाशों के द्वारा एक धमकी भरा पोस्टर चिपकाया गया है. जिसमें गया के रेल अधीक्षक के नाम पर 50 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की गई है. पोस्टर में बदमाशों ने लिखा कि ‘सेवा में श्रीमान रेल अधीक्षक महोदय सविनय निवेदन है कि 50 लाख रुपए हमें चाहिए नहीं तो बड़ा बाबू को गोली मार दिया जाएगा और गेटमैन को भी मार दिया जाएगा. अगर जिंदगी चाहिए तो पैसा तिलैया नदी पुल के पास पहुंचा देना’. इतना ही नहीं बदमाशों ने इस पोस्टर में बाकायदा अपना नाम भी बताया, जिसमें लिखा था ‘मांग करने वाले मखन दादा’.
पोस्टर से दहशत में लोग
वहीं घटना की सूचना रेल के वरीय पदाधिकारी और थाने में दी गई. वहीं पुलिस अब रंगदारी मांगने वाले मखन दादा का पता लगा रही है. फिलहाल इस पोस्टर से लोग दहशत में हैं. इस घटना के संबंध में स्टेशन मास्टर ने बताया कि मामले की सूचना जीआरपी और आरपीएफ को दी गयी है. फिलहाल इस मामले की छानबीन की जा रही है.
Thenewspost - Jharkhand
4+

