राष्ट्रीय स्वाभिमान दिवस: महाराणा प्रताप की पुण्यतिथि पर सीएम नीतीश ने अर्पित की श्रद्धांजलि


पटना (PATNA): राष्ट्रीय स्वाभिमान दिवस के अवसर पर पटना में वीरता, त्याग और राष्ट्रगौरव की भावना देखने को मिली. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार महाराणा प्रताप की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए और उनके अदम्य साहस व स्वाभिमान को नमन किया. इस अवसर पर उन्होंने विधान पार्षद संजय सिंह के सरकारी आवास पर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की और महाराणा प्रताप के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उन्हें नमन किया.
कार्यक्रम में विधान पार्षद संजय सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का स्वागत किया. इस मौके पर कई वरिष्ठ मंत्री, जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे.
इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, कृषि मंत्री रामकृपाल यादव, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक उमेश कुशवाहा, विधान पार्षद रीना यादव और रविन्द्र प्रसाद सिंह, जदयू के राष्ट्रीय महासचिव मनीष कुमार वर्मा, पूर्व मंत्री सुमित कुमार सिंह, राज्य नागरिक परिषद के महासचिव अरविंद कुमार समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और आम नागरिक मौजूद थे.
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने महाराणा प्रताप के शौर्य, त्याग और स्वाभिमान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया.
4+