बिहार में खसरा के आउटब्रेक से दहशत, पांच सैंपल में चार की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से बढ़ी टेंशन

    बिहार में खसरा के आउटब्रेक से दहशत, पांच सैंपल में चार की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से बढ़ी टेंशन

    बाढ़(BARH):बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र में खसरा (Measles) का आउटब्रेक गंभीर रूप लेता जा रहा है.बाढ़ के पछीयारी मलाही और सिकंदरा गांव में खसरा के 32 नए मरीज मिलने से स्थानीय लोगों में भारी दहशत का माहौल है.स्थिति की गंभीरता को देखते हुए संदिग्ध मरीजों के पांच सैंपल जांच के लिए पटना भेजे गए थे, जिनमें से चार की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है. इसके बाद सघन जांच में पछीयारी मलाही में 19 और सिकंदरा गांव में 13 मरीजों की पुष्टि हुई है.

     पांच सैंपल में चार की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से बड़ी टेंशन

     स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, किसी भी इलाके में दो या उससे अधिक मरीज मिलने पर उसे खसरा का आउटब्रेक माना जाता है. चिंता का विषय यह है कि क्षेत्र में अभी भी हर दिन खसरे के नए मरीज सामने आ रहे है. इससे कुछ दिनों पहले भी इब्राहिमपुर पंचायत के पछीयारी मलाही (वार्ड नंबर 9) में 8 और नयाटोला सलेमपुर (वार्ड नंबर 12) में खसरा के 4 मरीज मिल चुके है.

    WHO की टीम पूरी तरह से अलर्ट

    बीमारी के इस तेजी से होते फैलाव पर काबू पाने के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की टीम पूरी तरह से अलर्ट है. प्रभावित इलाकों में WHO के डॉक्टरों की विशेष टीम लगातार कैंप कर रही है. यह टीम डोर-टू-डोर अभियान चलाकर हर घर में बच्चों के टीकाकरण की जांच कर रही है और ग्रामीणों को समय पर खसरे का टीका लगवाने के लिए जागरूक कर रही है.हालात को नियंत्रित करने और संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए WHO की टीम अगले 28 दिनों तक इन क्षेत्रों में लगातार कैंप करेगी.स्वास्थ्य विभाग लोगों से लगातार अपील कर रहा है कि वे अपने बच्चों के टीकाकरण में कोई कोताही न बरतें.

    अचानक बीमारी फैलने के कारणों पर गहन रिसर्च

    इस पूरे मामले पर जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अवधेश कुमार ने बताया कि फिलहाल इस आउटब्रेक को सीधे तौर पर 'टीकाकरण की विफलता' नहीं कहा जा सकता.इस क्षेत्र में अचानक बीमारी फैलने के कारणों पर गहन रिसर्च की जा रही है, जिसके बाद ही कोई ठोस निष्कर्ष निकाला जा सकेगा.ग्रामीण स्तर पर टीकाकरण अभियान की कमान मुख्य रूप से राणाबीघा पीएचसी (PHC) और स्थानीय आंगनबाड़ी की आशा कार्यकर्ताओं के पास होती है. बाढ़ में हुआ यह आउटब्रेक भारत सरकार के 'दिसंबर 2026 तक देश को खसरा मुक्त' बनाने के अभियान के लिए एक खुली चुनौती बन गया है.स्थिति से निपटने के लिए सरकार और स्वास्थ्य विभाग को इलाके में एक बार फिर से युद्ध स्तर पर सघन टीकाकरण अभियान चलाना होगा.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news