बिहार : दुष्कर्म में सफल नहीं होने पर युवक ने मां-बेटी को जिंदा जलाया, जानिए पूरा मामला

    बिहार : दुष्कर्म में सफल नहीं होने पर युवक ने मां-बेटी को जिंदा जलाया, जानिए पूरा मामला

    अरवल(ARWAL): बिहार के अरवल जिले के परासी थाना क्षेत्र के चकिया गांव में दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है. मिली जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात दुष्कर्म की नीयत से गांव का एक युवक, युवती के घर में घुसा था लेकिन युवक अपने मंसूबे में विफल हो गया. जिसके बाद उसने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी. घर में आग लगने से मां-बेटी गंभीर रूप से झुलस गई. वहीं, आग देखकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह उन्हें वहां से निकालकर सदर अस्पताल अरवल पहुंचाया. वहां से दोनों को पीएमसीएच रेफर कर दिया गया.

    वहीं, अरवल के पुलिस अधीक्षक हिमांशु शंकर त्रिवेदी ने बताया कि 32 वर्षीय सुमन देवी की अहले सुबह पटना के पीएमसीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई. वहीं, उसकी सात वर्षीय बेटी राधिका कुमारी की भी मौत हो गई है. ग्रामीणों ने बताया कि सुमन देवी का पति अंजित पासवान उर्फ जटा पासवान शराब के साथ पकड़ा गया था, फिलहाल वह जेल में है. गांव के ही गोपी महतो का बेटा नंद कुमार महतो उसकी पत्नी पर हमेशा बुरी नजर रखता था. अंजित के जेल जाते ही उसे मौका मिल गया. अकेला पाकर हमेशा वह सुमन के साथ छेड़छाड़ करता था, वह विरोध करती तो वह धमकाता था. आरोप है कि हर रात वह उसके घर आकर धमकाता था और महिला के विरोध के बाद लौट जाता था.

    अक्सर करता था गंदी हरकत

    बता दें कि युवक सोमवार रात शराब के नशे में धुत होकर सुमन देवी के घर पहुंचा और दुष्कर्म का प्रयास करने लगा. महिला ने किसी तरह अपना बचाव करते हुए घर से धक्का देकर नंद कुमार को बाहर निकाल दिया और दरवाजा बंद कर लिया. इससे आक्रोशित होकर आरोपित अपने घर गया. बाइक से पेट्रोल निकालकर लौटा. छप्‍पर पर पेट्रोल छिड़क आग लगा दी. घर का दरवाजा भी बाहर से बंद कर दिया.

    देर से पहुंचे ग्रामीण, तब तक झुलस गई थीं मां-बेटी

    दरअसल, आग में घिरी मां-बेटी चीखने-चिल्‍लाने लगी. रात होने की वजह से गांव वाले देर से पहुंचे, तब तक छप्पर जलकर मां बेटी पर गिर चुका था. दोनों जलने लगीं. ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़कर मां-बेटी को किसी तरह घर से बाहर निकाला. आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए. दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने तत्काल पटना रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई. ग्रामीण के निशानदेही के आधार पर आरोपी को परासी थाने की पुलिस ने नंद कुमार महतो को गिरफ्तार कर लिया है.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news