Bihar News: बगहा में तेंदुए की दहशत, 6 मजदूरों को किया घायल, अब ट्रैक करने में जुटी वन विभाग की टीम

    Bihar News: बगहा में तेंदुए की दहशत, 6 मजदूरों को किया घायल, अब ट्रैक करने में जुटी वन विभाग की टीम

    बगहा(BAGAHA): बिहार के बगहा अंतर्गत धनहा थाना क्षेत्र के वंशी टोला में VTR जंगल से एक भटके हुए तेंदुए ने आफत मचा कर रख दी है. तेंदुए ने खेत में कर रहे किसान और मजदूरों पर हमला कर उन्हें जख्मी कर दिया है. हालांकि, अन्य किसानों और मजदूरों ने तेंदुए को लाठी-डंडे से शोर मचाकर भगा दिया. लेकिन तेंदुआ वहां से भागकर पास के ही गन्ने के खेत में जा कर छिप गया है. जिसके बाद से गांव में आतंक का माहौल बना हुआ है. वहीं, तेंदुए ने करीब 6 लोगों पर हमला कर दिया था. घायल 6 लोगों को मधुबनी के स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है.

    वहीं, इस घटना की जानकारी वन विभाग को दी गई. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. इस दौरान VTR के बगहा रेंजर सुनील कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर तेंदुए के पैरों के निशान पाए गए हैं. जिससे लग रहा है कि हमला तेंदुआ ने ही किया है. तेंदुए को ट्रैक करने के लिए वन विभाग की टीम लगी हुई है. फिलहाल जब तक तेंदुआ पकड़ा ना जाए तब तक ग्रामीणों को जागरूक किया जा रहा है कि वे गन्ने के खेतों की तरफ अकेले न जाएं. बच्चों को खेतों से दूर ही रखें और खेतों में जाने पर समूह बनाकर आवाज करते हुए जाएं.

    बता दें कि, तेंदुए को जंगल की ओर भगाने समेत उसे पकड़ने के लिए वन विभाग की टीम लगातार कोशिश कर रही है. इस बीच वन विभाग द्वारा ग्रामीणों को सतर्क रहने और सहयोग करने की अपील की गई है. वन विभाग का कहना है कि जल्द ही तेंदुए को रेस्क्यू कर लिया जाएगा. फिलहाल बड़े पैमाने पर टीटीपीपी (ट्रैक, ट्रैंक्विलाइज, प्रोटेक्ट, और पैक) टीम की तैनाती की गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. फ़िलहाल कुछ महिनों से इस क्षेत्र में तेंदुए की चहलकदमी बढ़ी हुई है. कई दफा तेंदुए को गंडक नदी किनारे पीपी तटबंध पर भी देखा गया था.

    रिपोर्ट: ऋषिनाथ


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news