दिशोम गुरु को मिला यह खास सम्मान, जानिए क्यों दिया जाता है पद्मभूषण, क्यों कहा गया इसे देश का तीसरा सर्वोच्च सम्मान

दिशोम गुरु को मिला यह खास सम्मान, जानिए क्यों दिया जाता है पद्मभूषण, क्यों कहा गया इसे देश का तीसरा सर्वोच्च सम्मान

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): आज झारखंड की शान दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन को देश का तीसरा सर्वोच्च सम्मान पद्म भूषण मिलने जा रहा है. यह क्षण ना सिर्फ सोरेन परिवार बल्कि पूरे झारखंड के लिए गौरव का पल है. पर क्या आप ये जानते हैं की पद्म पुरस्कार होते क्या हैं और क्यों दिए जाते हैं. 

Image

बताते चलें कि पद्म पुरस्कार केवल सम्मान नहीं, बल्कि उन व्यक्तित्वों के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर मिली सबसे बड़ी पहचान माने जाते हैं जिन्होंने समाज, संस्कृति, राजनीति, शिक्षा, विज्ञान या जनसेवा के क्षेत्र में अमिट छाप छोड़ी हो. इसी कड़ी में झारखंड आंदोलन के महानायक, आदिवासी अस्मिता के प्रतीक और पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण से सम्मानित किया जा रहा है. यह सम्मान न सिर्फ उनके संघर्षपूर्ण जीवन को राष्ट्रीय सलाम है, बल्कि झारखंड की पहचान और आदिवासी समाज के लंबे आंदोलन को भी सम्मान देने जैसा माना जा रहा है.

बताते चलें कि 25 जनवरी 2026 को गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर केंद्र सरकार ने घोषणा करते हुए शिबू सोरेन के नाम का ऐलान किया था. इससे पहले 4 अगस्त 2025 को लंबी बीमारी के बाद उनका निधन हो गया था. उनके निधन के बाद मिला यह सम्मान उनके दशकों लंबे संघर्ष, सामाजिक योगदान और झारखंड की अस्मिता के लिए किए गए प्रयासों को समर्पित माना जा रहा है. पर क्या आप जानते हैं की आखिर पद्म पुरस्कार होते क्या है. 

Image

पद्म विभूषण
पद्म विभूषण भारत रत्न के बाद देश का दूसरा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान माना जाता है. यह पुरस्कार उन व्यक्तियों को दिया जाता है जिन्होंने अपने क्षेत्र में अत्यंत असाधारण और विशिष्ट योगदान दिया हो. ऐसे लोग जिनका कार्य केवल देश तक सीमित न रहकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रभाव छोड़ता हो, उन्हें इस सम्मान के लिए चुना जाता है. विज्ञान, प्रशासन, कला, संस्कृति या सामाजिक सेवा के क्षेत्र में लंबे समय तक उत्कृष्ट और प्रेरणादायक योगदान देने वाले व्यक्तियों को पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाता है.

Image

पद्म भूषण
पद्म भूषण देश का तीसरा सर्वोच्च नागरिक सम्मान है. यह उन व्यक्तियों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने अपने क्षेत्र में उच्च कोटि की विशिष्ट सेवाएं दी हों और लंबे समय तक उल्लेखनीय कार्य किया हो. यह सम्मान उन लोगों को दिया जाता है जिनका योगदान राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण माना जाता है और जिन्होंने अपने कार्यों के माध्यम से समाज, संस्थाओं या किसी विशेष क्षेत्र को नई दिशा देने का काम किया हो. हाल के वर्षों में कई प्रतिष्ठित कलाकारों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को इस सम्मान से नवाजा गया है.

Image

पद्म श्री
पद्म श्री भारत का चौथा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान है. यह उन लोगों को दिया जाता है जिन्होंने अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय और सराहनीय योगदान दिया हो. इस सम्मान की खास बात यह है कि इसमें देश के दूर-दराज इलाकों में काम करने वाले ऐसे लोगों को भी पहचान मिलती है, जो वर्षों से समाज सेवा, शिक्षा, लोक कला, कृषि, स्वास्थ्य या अन्य क्षेत्रों में चुपचाप महत्वपूर्ण कार्य कर रहे होते हैं. कई बार ऐसे अनसुने नायकों को पद्म श्री के माध्यम से राष्ट्रीय पहचान मिलती है.