मां बनने की सही उम्र क्या है, जानिए प्रेगनेंसी का गोल्डन एज और क्यों उम्र बढ़ते ही घट जाती है फर्टिलिटी

मां बनने की सही उम्र क्या है, जानिए प्रेगनेंसी का गोल्डन एज और क्यों उम्र बढ़ते ही घट जाती है फर्टिलिटी

टीएनपी डेस्क (TNP DESK): शादी के बाद महिलाओं पर अक्सर मां बनने का दबाव तेजी से बढ़ने लगता है, लेकिन मातृत्व कोई सामाजिक दौड़ नहीं, बल्कि एक बेहद निजी और सोच-समझकर लिया जाने वाला फैसला है. यह निर्णय न तो जल्दबाजी में लिया जाना चाहिए और न ही किसी दबाव में. मेडिकल साइंस के मुताबिक, महिला की फर्टिलिटी यानी गर्भधारण की क्षमता उम्र, हार्मोन, शारीरिक स्वास्थ्य और जीवनशैली जैसे कई अहम कारकों पर निर्भर करती है. ऐसे में यह समझना बेहद जरूरी हो जाता है कि मां बनने की सही उम्र क्या है और समय के साथ यह क्षमता क्यों बदलती जाती है.

महिलाओं के लिए प्रेग्नेंसी की सबसे बेहतर उम्र 20 से 30 साल के बीच मानी जाती है. इस समय में शरीर फर्टिलिटी के पीक पर होता है और गर्भधारण की संभावना सबसे अधिक रहती है. इस समय महिलाओं के अंडाणु न केवल अधिक संख्या में होते हैं, बल्कि उनकी गुणवत्ता भी बेहतर होती है. ओव्यूलेशन प्रक्रिया नियमित रहती है और शरीर गर्भधारण और डिलीवरी के लिए पूरी तरह तैयार होता है.

20 के आखिरी साल से लेकर 30 की शुरुआत को प्रेग्नेंसी के लिए संतुलित समय माना जाता है. इस दौरान महिलाएं शारीरिक रूप से मजबूत होने के साथ-साथ मानसिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से भी स्थिर होने लगती हैं. यही कारण है कि यह समय कई महिलाओं के लिए परिवार शुरू करने का एक सुरक्षित विकल्प माना जाता है.

30 वर्ष की उम्र के बाद महिलाओं की प्रजनन क्षमता धीरे-धीरे कम होने लगती है. 35 के बाद यह गिरावट और तेज हो जाती है. इस उम्र में अंडाणुओं की संख्या और गुणवत्ता दोनों प्रभावित होने लगती हैं, जिससे गर्भधारण में मुश्किल आ सकती है. साथ ही, मिसकैरेज का खतरा भी बढ़ जाता है. मेडिकल साइंस में 35 साल के बाद होने वाली प्रेग्नेंसी को ‘एडवांस्ड मैटरनल एज’ कहा जाता है.

हालांकि आधुनिक चिकित्सा ने महिलाओं के लिए कई विकल्प खोल दिए हैं. आज कई महिलाएं 35 या 40 की उम्र के बाद भी स्वस्थ बच्चों को जन्म दे रही हैं. IVF (इन विट्रो फर्टिलाइजेशन) जैसी तकनीकें उन महिलाओं के लिए मददगार साबित हो रही हैं जो देर से मां बनने की योजना बनाती हैं.

अक्सर चर्चा महिलाओं की फर्टिलिटी पर होती है, लेकिन पुरुषों की प्रजनन क्षमता भी उम्र के साथ प्रभावित होती है. उम्र बढ़ने पर स्पर्म की गुणवत्ता कम हो सकती है, जिससे बच्चों में जेनेटिक समस्याओं का खतरा थोड़ा बढ़ जाता है. फर्टिलिटी केवल उम्र पर निर्भर नहीं करती, बल्कि जीवनशैली भी बड़ा रोल निभाती है. संतुलित खाना, रोजना व्यायाम, सही वजन, टेंशन कम लेना और नशे से दूरी रखना प्रजनन स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखते हैं.

मां बनने का सही समय हर महिला के लिए अलग हो सकता है. हालांकि मेडिकल में 20 से 30 साल की उम्र को सबसे सुरक्षित माना जाता है. ऐसे में डॉक्टर से सलाह लेना और सही समय पर योजना बनाना मां और बच्चे दोनों के स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है.