मोदी सरकार पर धनबाद में कांग्रेस नेताओं ने बोला हमला,छात्रों की गूंज कार्यक्रम से जुड़ने का आह्वान
नागपुर के एक छात्र को नीट (यूजी) परीक्षा केंद्र के रूप में आबू धाबी आवंटित किए जाने के मामले पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार को घेरा है. धनबाद में कांग्रेस नेताओं ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग की है.
धनबाद (DHANBAD): राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा देशव्यापी स्तर पर चलाए जा रहे "छात्रों की गूंज" अभियान के तहत रविवार को धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया. कांग्रेस नेताओं ने देश में गहराते शिक्षा और रोजगार संकट, पेपर लीक, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी, रिकॉर्ड स्तर की बेरोजगारी पर केंद्र सरकार को जिम्मेवार ठहराया है.
रविवार को धनबाद में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता शकील अहमद खान ने इस पूरे मामले को छात्रों के भविष्य से जुड़ी गंभीर लापरवाही बताया. उन्होंने कहा कि एक भारतीय छात्र को देश से हजारों किलोमीटर दूर स्थित आबू धाबी में परीक्षा केंद्र आवंटित होना सामान्य प्रशासनिक भूल नहीं, बल्कि व्यवस्था की बड़ी खामी को दर्शाता है. ऐसी घटनाएं लाखों छात्रों और अभिभावकों के भरोसे को कमजोर करती हैं. केंद्र सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने में असफल साबित हो रही है. उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियां युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ के समान हैं. उनके अनुसार, इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए. शकील अहमद खान ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी की. उन्होंने कहा कि जब परीक्षा प्रबंधन में इतनी बड़ी चूक सामने आई है, तब इसकी जवाबदेही तय होना आवश्यक है.
प्रदेश कांग्रेस महासचिव अशोक कुमार सिंह ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों, बुद्धिजीवियों और नागरिक समाज के प्रतिनिधियों से इस अभियान से जुड़कर युवाओं की आवाज को बुलंद करने का आह्वान किया है. उन्होंने कहा कि यह केवल छात्रों का मुद्दा नहीं, बल्कि देश के भविष्य का प्रश्न है और कांग्रेस युवाओं के अधिकारों की लड़ाई सड़क से संसद तक लड़ती रहेगी.
धनबाद जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में बढ़ता भ्रष्टाचार, पेपर लीक की घटनाएं, परीक्षाओं का रद्द होना, भर्ती प्रक्रियाओं में वर्षों की देरी और बढ़ती बेरोजगारी ने युवाओं के भविष्य को अंधकारमय बना दिया है. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने हर वर्ष करोड़ों रोजगार देने के वादे किए थे, लेकिन वास्तविकता यह है कि आज शिक्षित युवा रोजगार के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं. प्रदीप पांडेय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाए, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों को कठोर सजा दी जाए, लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को तत्काल पूरा किया जाए, रिक्त सरकारी पदों पर शीघ्र नियुक्तियां की जाएं तथा युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं
संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता बर्जेंद्र प्रसाद सिंह, प्रदेश महासचिव अशोक कुमार सिंह, शमशेर आलम, प्रदीप पांडेय,करीम अंसारी, जहीर असारी,मधुसूधन चौधरी,शयूम खान, एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे.
रिपोर्ट- नीरज कुमार