Big News: स्कॉर्पियो में भरकर ले जा रहे थे गोवंश, गाड़ी खराब होते ही भागे तस्कर, वाहन जब्त

    The smugglers were transporting cattle in a Scorpio; the vehicle broke down and they fled। स्कॉर्पियो में भरकर ले जा रहे थे गोवंश, गाड़ी खराब होते ही भागे तस्कर, वाहन जब्त

    गिरीडीह (GIRIDIH): गौ तस्करी के लिए तस्कर नए-नए हथकंडे अपना रहे हैं. ताजा मामला गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र का है, जहां एक स्कॉर्पियो वाहन में गोवंशों की तस्करी का सनसनीखेज खुलासा हुआ है. डुमरी थाना क्षेत्र के जामतारा मिडिल स्कूल के पास ग्रामीणों ने एक काले रंग की खाड़ी स्कॉर्पियो कार (JH 05T 2613) को संदिग्ध हालत में खड़ा देखा.

    ग्रामीणों को शक होने पर जब उन्होंने स्कॉर्पियो का गेट खोला तो सभी के होश उड़ गए. वाहन के भीतर तीन बड़ी गाय और एक बैल को बेरहमी से लोड किया गया था. इनमें से दो गायों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि एक गाय और एक बैल जिंदा पाए गए.

    ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना डुमरी थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया. पुलिस ने मृत गायों को नियमानुसार दफनाया, जबकि जिंदा गोवंशों को सुरक्षित थाने लाया गया. पुलिस ने इस पूरे मामले में गौ तस्करी के नेटवर्क को लेकर जांच शुरू कर दी है.

    पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में आशंका है कि वाहन खराब हो जाने के कारण तस्कर मौके से फरार हो गए. तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है.

    घटना को लेकर इलाके में भारी आक्रोश है. स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने गौ तस्करी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है. इस मामले में सामाजिक कार्यकर्ता बिरेन्द्र पाण्डेय और स्थानीय ग्रामीण गणेश साव ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की अपील की है.

    रिपोर्ट : दिनेश रजक



    Related News