टीएनपी डेस्क(TNP DESK):झारखंड में इन दिनों भीषण गर्मी और लू ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है.हालात ऐसे है कि दोपहर के समय घर से निकलना भी लोगों के लिए मुश्किल हो गया है.इसी बीच मौसम विभाग की ओर से राहत और सावधानी दोनों से जुड़ी अहम जानकारी सामने आई है.मौसम विभाग के अनुसार 25 अप्रैल से राज्य के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा, जो 28 अप्रैल तक जारी रह सकता है. इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है. साथ ही तेज हवा और आंधी-तूफान का असर भी देखने को मिल सकता है.
बारिश से गर्मी से ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं
हालांकि, मौसम विभाग ने साफ किया है कि इस बारिश से गर्मी से ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है.उल्टा, नमी बढ़ने के कारण उमस और गर्मी लोगों को और परेशान कर सकती है.राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है.शनिवार को संताल, कोल्हान, उत्तरी और दक्षिणी छोटानागपुर के कई इलाकों में आंधी और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. लोगों को सलाह दी गई है कि खराब मौसम के दौरान घरों में ही रहें और बेवजह बाहर निकलने से बचें.
सरकार ने जारी की एडवाइजरी
वहीं, राज्य में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए सरकार ने भी एडवाइजरी जारी की है. सभी मेडिकल कॉलेज, सिविल सर्जन और जिला अस्पतालों के उपाधीक्षकों को जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए है. खासकर अस्पतालों में आग से बचाव और मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है.सरकार का कहना है कि गर्मी के इस दौर में किसी भी व्यक्ति को इलाज के अभाव में परेशानी न हो, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है.
पढ़े अपने जिले का हाल
रांची का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस की संभावना है.जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहसकता है.धनबाद में अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहेगा. डाल्टनगंज में अधिकतम 42 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री,जबकि देवघर में अधिकतम 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस,तो वहीं मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.वहीं मैक्लूसकीगंज का अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री जा सकता है.


