धनबाद: वार्ड 27 के कई बूथों पर आपस में ही भिड़े मतदाता, दो पार्षद समर्थकों में हुई हाथापाई, देखें वीडियो

    धनबाद (DHANBAD): नगर निकाय चुनाव के दौरान वार्ड संख्या 27 के बूथ नंबर 106, 110, 111 और 112 पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो पार्षद प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद बढ़कर हाथापाई में बदल गया. स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा.

    जानकारी के अनुसार, पार्षद प्रत्याशी पुष्पा देवी और पार्षद प्रत्याशी पिंकी देवी के समर्थकों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई, जो बाद में धक्का-मुक्की में बदल गई.

    पुष्पा देवी के पति संजय कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि पिंकी देवी की जेठानी उर्मिला देवी उसी मतदान केंद्र पर बीएलओ के रूप में तैनात हैं और मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास कर रही थीं. उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके परिचित रमेश कुमार सिंह का कॉलर पकड़कर प्रमोद कुमार यादव ने बूथ के बाहर निकाल दिया. संजय सिंह के अनुसार, वे लोग सड़क के बाहर खड़े थे, तभी उन पर हमला किया गया.

    वहीं, दूसरी ओर प्रमोद कुमार यादव, जो पिंकी देवी के अभिकर्ता के रूप में वहां मौजूद थे, ने आरोपों से इनकार किया. उनका कहना है कि संजय कुमार सिंह बाहरी लोगों को लाकर मतदान कराने की कोशिश कर रहे थे, जिसे रोकने पर विवाद हुआ.

    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को बूथ परिसर से बाहर कर स्थिति को नियंत्रित किया. फिलहाल मतदान प्रक्रिया दोबारा शांतिपूर्वक जारी है.

    रिपोर्ट : नीरज कुमार



    Related News