गढ़वा (GARHWA): जिले में अब लोग बेखौफ होकर घूम रहे हैं और हिम्मत भी ऐसी की अब वहाँ के लोग पुलिस प्रशासन से भी नहीं डर रहे हैं. ऐसा ही मामला सामने आया है गढ़वा जिले से जहां सड़क जाम हटाने पहुंची पुलिस टीम पर अचानक हमला कर दिया गया, जिसके बाद बवाल काफी ज्यादा भड़क गया. घटना महुलिया मोड़ के पास की है जहां पथराव के कारण 25 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया.
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस जाम हटाने के लिए मौके पर पहुंची थी, तभी भीड़ ने अचानक पथराव शुरू कर दिया. इस हमले में कई पुलिस अधिकारी और जवान घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और देर रात तक घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया जाता रहा. घटना के बाद अस्पताल में आपात स्थिति जैसी स्थिति बन गई. डॉक्टरों की टीम ने पूरी रात घायलों का इलाज किया. कई पुलिसकर्मियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि कुछ को निगरानी में रखा गया.
इस हिंसक झड़प में दो थाना प्रभारी भी घायल हुए हैं, जिससे पुलिस विभाग में काफी नाराजगी देखी जा रही है. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारी ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. उन्होंने बताया कि अब तक एक दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है. पुलिस ने घटनास्थल से दो दर्जन से ज्यादा बाइक भी जब्त की हैं. इन बाइकों के नंबर और कागजात के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है. पुलिस का कहना है कि हमलावरों को चिन्हित कर लिया गया है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार किया जाएगा.
घायल पुलिसकर्मियों में कई अधिकारी और जवान शामिल हैं, जिनमें थाना प्रभारी और अन्य कर्मी भी हैं. एसपी ने स्पष्ट कहा है कि पुलिस पर हमला करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


