रांची (RANCHI): राजधानी रांची में अक्सर रफ्तार का कहर देखने को मिलता है पर अब इस कड़ी में सिर्फ रैश ड्राइवर ही नहीं बल्कि सरकारी गाड़ियां भी जुड़ती जा रही हैं. ऐसा ही एक मामला सामने आया है रांची के किशोरगंज चौक के पास से जहां सोमवार को घटित एक सड़क हादसे ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया. दरअसल शांतिपूर्ण तरीके से एक अंतिम यात्रा गुजर रही थी की तभी, तेज रफ्तार से आ रही एक स्कॉर्पियो वाहन ने जुलूस में शामिल लोगों को जोरदार टक्कर मार दी. अचानक हुई इस घटना से मौके पर भगदड़ मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे.
इधर हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस स्कॉर्पियो ने टक्कर मारी, उस पर “झारखंड सरकार” लिखा हुआ था, जिससे लोगों का गुस्सा और भी बढ़ गया. घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला. उग्र भीड़ ने वाहन को घेर लिया और उसके दोनों शीशे तोड़ दिए. इसके अलावा गाड़ी में भी तोड़फोड़ की गई. स्थिति कुछ समय के लिए काफी तनावपूर्ण हो गई थी.
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने में जुट गई. पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल भिजवाया और क्षतिग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस की मौजूदगी के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हादसे के वक्त वाहन कौन चला रहा था और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वाहन सरकारी था या निजी, और उस पर “झारखंड सरकार” लिखा होना किस वजह से था. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.


