राज्य को मिली बड़ी रेल सौगात: रांची-लखनऊ होते हुए आनंद विहार तक चलेगी ट्रेन, यहाँ भी होगा स्टौपेज

    The state received a major rail gift: The train will run to Anand Vihar via Ranchi-Lucknow, with a stoppage here as well |राज्य को मिली बड़ी रेल सौगात: रांची-लखनऊ होते हुए आनंद विहार तक चलेगी ट्रेन, यहाँ भी होगा स्टौपेज

    पलामू (PALAMU): पलामू सहित झारखंड के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. रेल मंत्रालय ने पुरुलिया से आनंद विहार टर्मिनल तक नई साप्ताहिक ट्रेन चलाने की मंजूरी दे दी है. यह ट्रेन रांची, डाल्टनगंज (पलामू), अयोध्या धाम और लखनऊ होते हुए दिल्ली के आनंद विहार स्टेशन तक पहुंचेगी. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस संबंध में पलामू सांसद विष्णुदयाल राम को पत्र भेजकर जानकारी दी है.

    दरअसल, पलामू को लखनऊ से सीधी रेल सेवा से जोड़ने की मांग लंबे समय से उठ रही थी. सांसद विष्णुदयाल राम ने लोकसभा में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था और रेल मंत्री से कई बार मुलाकात कर क्षेत्र की जरूरतों से अवगत कराया था. उनकी पहल के बाद इस नई ट्रेन सेवा को स्वीकृति मिली है.

    घोषित जानकारी के अनुसार यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन संचालित होगी. इसका रूट रांची-लोहरदगा-टोरी के रास्ते अयोध्या धाम और लखनऊ होते हुए आनंद विहार तक रहेगा. इससे पलामू और आसपास के जिलों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा.

    नई ट्रेन शुरू होने से लखनऊ स्थित पीजीआई में इलाज कराने जाने वाले मरीजों को सहूलियत मिलेगी. साथ ही अयोध्या धाम और वाराणसी की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी यह सेवा उपयोगी साबित होगी. क्षेत्र में लंबे समय से इस रेल कनेक्टिविटी की मांग की जा रही थी, जिसे अब मंजूरी मिल गई है. जल्द ही इसके परिचालन की तिथि घोषित की जाएगी.



    Related News