गर्भवती थी प्रेमिका, प्रेमी ने गोलगप्पे में मिलाया जहर और रच दी हत्या की साजिश, फिर जो हुआ...

    Garhwa, Jharkhand
    गर्भवती थी प्रेमिका, प्रेमी ने गोलगप्पे में मिलाया जहर और रच दी हत्या की साजिश, फिर जो हुआ...

    गढ़वा (GARHWA): आपने प्रेमी प्रेमिकाओं के एक से एक किस्से देखे होंगे, पर राज्य के गढ़वा जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जो रिश्तों पर से आपका भरोसा उठा देगा. मामला जिले के रमकंडा थाना क्षेत्र का है जहां एक युवक पर अपनी गर्भवती प्रेमिका को जहर देकर मारने की कोशिश का आरोप लगा है. पीड़िता आठ माह की गर्भवती बताई जा रही है. पुलिस ने मामले में आरोपी प्रेमी साकेत केशरी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

    पीड़िता के अनुसार, 21 फरवरी की दोपहर करीब दो बजे आरोपी ने उसे फोन कर मिलने और कुछ खिलाने की बात कही. युवती ने गोलगप्पा खाने की इच्छा जताई. आरोप है कि गोलगप्पा खाने के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी. उसे उल्टियां हुईं और मुंह से खून आने लगा.

    शाम करीब चार बजे आरोपी ने दोबारा फोन कर डॉक्टर के पास ले जाने की बात कही. लेकिन इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के बजाय वह मोटरसाइकिल से उसे बैरिया जंगल की ओर ले गया. आरोप है कि जंगल में करीब 100 मीटर अंदर ले जाकर युवक ने युवती के साथ मारपीट की और गला दबाकर उसकी हत्या करने का प्रयास किया. मारपीट के दौरान युवती की आंख के पास गंभीर चोट आई और वह कुछ समय के लिए बेहोश हो गई.

    होश आने पर उसने किसी तरह खुद को संभाला और जान बचाने के लिए जंगल में ही छिप गई. पूरी रात वह वहीं छिपी रही. अगले दिन सुबह वह किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी.

    बताया जाता है कि दोनों के बीच पिछले छह वर्षों से प्रेम संबंध था. एक वर्ष पूर्व उनके संबंध से एक बच्चा भी हुआ था. बाद में गांव समाज के हस्तक्षेप के बाद दोनों को अलग कर दिया गया था और मिलने-जुलने पर रोक लगा दी गई थी. आरोप है कि कुछ समय बाद आरोपी ने फिर से युवती से संपर्क किया और शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाता रहा, जिससे वह दोबारा गर्भवती हो गई.

    पीड़िता के आवेदन पर रमकंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर गढ़वा जेल भेज दिया है. फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है. घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Related News

    Our latest news